विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भसरौड़ और सिंधनकला में बनेंगे दो नए मुख्यमंत्री कंपोजिट मॉडल स्कूल, 3000 बच्चों को होगा फायदा

Published: Wed, 18 Nov 2026 03:16 PM (IST)

बांदा जिले में भसरौड़ और सिंधनकला में दो नए मुख्यमंत्री कंपोजिट मॉडल स्कूलों का निर्माण होना है, जिन पर 50 करोड़ से अधिक खर्च होंगे।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए इस तस्वीर को AI टूल Gemini की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए इस तस्वीर को AI टूल Gemini की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. बांदा में दो नए मुख्यमंत्री कंपोजिट मॉडल स्कूल बनेंगे।

  2. 50 करोड़ से अधिक की लागत, 3000 छात्रों को लाभ।

  3. दिसंबर से निर्माण शुरू, एक वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य।

जागरण संवाददाता, बांदा। जिले में दो नए मुख्यमंत्री कंपोजिट माडल स्कूलों के निर्माण के लिए अभी टेंडर प्रक्रिया चल रही है। नरैनी तहसील के भसरौड़ और पैलानी तहसील के सिंधनकला गांव में बनने वाले इन स्कूलों पर कुल 50 करोड़ छह लाख 65 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे।

दोनों स्कूलों के लिए सितंबर में 21 करोड़ 24 लाख 18 हजार रुपये जारी भी हो चुके हैं। टेंडर प्रक्रिया में देरी के कारण अभी निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) ने कार्यदायी संस्थाओं को जल्द टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण शुरू कराने के निर्देश दिए हैं।

भसरौड़ में बनने वाले स्कूल की लागत 25 करोड़ 27 लाख 63 हजार रुपये तय की गई है। इसके लिए सितंबर में आठ करोड़ 84 लाख 67 हजार रुपये जारी किए गए हैं। यह कुल लागत का 35 प्रतिशत है।

वहीं, सिंधनकला में बनने वाले स्कूल पर 24 करोड़ 79 लाख दो हजार रुपये खर्च होंगे। इसके लिए 12 करोड़ 39 लाख 51 हजार रुपये जारी किए जा चुके हैं। यह स्वीकृत बजट का 50 प्रतिशत है।

दोनों स्कूलों में बच्चों को बालवाटिका यानी प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 12 तक पढ़ाई की सुविधा एक ही परिसर में मिलेगी। प्रत्येक स्कूल में 1500 छात्र-छात्राओं के पढ़ने की व्यवस्था होगी। इस तरह दोनों स्कूलों में कुल तीन हजार बच्चे शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे। यहां लड़के और लड़कियों, दोनों के लिए पढ़ाई की व्यवस्था रहेगी। अभी जिले में इस तरह का कोई मुख्यमंत्री कंपोजिट माडल स्कूल नहीं है।

C-301-1-KAN1307-447856

भसरौड़ में स्कूल बनाने की जिम्मेदारी सीएनडीएस और सिंधनकला में निर्माण की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट्स कारपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) को दी गई है। विभाग की ओर से दोनों स्कूलों का निर्माण एक वर्ष के भीतर पूरा कराने का लक्ष्य रखा गया है।

बीएसए ने टेंडर प्रक्रिया में हो रही देरी पर कार्यदायी संस्थाओं को जल्द काम पूरा करने की चेतावनी दी है। इन स्कूलों के बनने से आसपास के गांवों के बच्चों को छोटी कक्षाओं से लेकर इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। एक ही परिसर में सभी कक्षाओं की पढ़ाई होने से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।

विद्यालय बनने से ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को लाभ मिलेगा। इनमें बालक और बालिकाएं दोनों शामिल होंगे। दोनों कार्यदायी संस्थाओं को समय से निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे बच्चों को इन विद्यालयों का लाभ मिल सके।
- अमित आसेरी, डीएम बांदा

बजट मिल गया है और टेंडर प्रक्रिया चल रही है। नवंबर माह के अंदर टेंडर प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। दिसंबर से विद्यालयों का निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
- रंजीत कुमार, परियोजना प्रबंधक, सीएनडीएस

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।