बांदा रेलवे स्टेशन पर 21 करोड़ से बनेगा 12 मीटर चौड़ा फुट ओवरब्रिज, यात्रियों को मिलेगी बेहतर सुविधा
बांदा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए 21 करोड़ रुपये की लागत से 12 मीटर चौड़ा नया फुट ओवरब्रिज बनाया जाएगा।

तस्वीर- फाइल।
जागरण संवाददाता, बांदा। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को बेहतर आवागमन सुविधा देने के लिए 21 करोड़ रुपये की लागत से एक नया फुट ओवरब्रिज बनाया जाएगा। यह पुल मौजूदा फुट ओवरब्रिज से अलग होगा और बांदा रेलवे स्टेशन से मानिकपुर यानी खुरहंड की ओर करीब 100 मीटर दूर बनाया जाएगा।
इसकी खासियत यह होगी कि 12 मीटर चौड़ा यह पुल स्टेशन पर वर्तमान में मौजूद दो प्लेटफॉर्मों के साथ भविष्य में बनने वाले तीन नए प्लेटफॉर्मों को भी आपस में जोड़ेगा।
इससे यात्रियों को एक प्लेटफॉर्म से दूसरे पर जाने के लिए लंबा चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। इसके निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है। अधिकारियों के अनुसार एक सप्ताह में टेंडर प्रक्रिया पूरी होने की उम्मीद है। इसके बाद दिसंबर या जनवरी से निर्माण कार्य शुरू हो सकता है।
दरअसल, अभी बांदा स्टेशन पर यात्रियों के आवागमन के लिए एक ही फुट ओवरब्रिज है। इसकी चौड़ाई करीब तीन मीटर है और यह केवल प्लेटफॉर्म नंबर एक व दो को जोड़ता है। ट्रेनों की संख्या और यात्रियों की बढ़ती आवाजाही के बीच मौजूदा पुल पर दबाव रहता है।
स्टेशन के विकास के साथ तीन नए प्लेटफॉर्म तैयार किए जाने हैं। ऐसे में भविष्य की जरूरतों को देखते हुए अलग से नए फुट ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाएगा। प्रस्तावित पुल की चौड़ाई 12 मीटर होगी, जिससे एक साथ अधिक यात्रियों के आने-जाने की सुविधा मिलेगी।
निर्माण कार्य दो चरणों में पूरा किए जाने की योजना है। पहले चरण में मई-जून तक मौजूदा दो प्लेटफॉर्मों तक पुल का निर्माण किया जाएगा।
इसके बाद स्टेशन पर तीन नए प्लेटफॉर्म तैयार होने पर फुट ओवरब्रिज का आगे विस्तार किया जाएगा। इस तरह पांचों प्लेटफॉर्मों को आपस में जोड़ने की व्यवस्था बनेगी। इससे यात्रियों को प्लेटफॉर्म बदलने में सहूलियत मिलेगी और भीड़ का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।
पहले से बांदा रेलवे स्टेशन पर 61 करोड़ से चल रहा विकास कार्य
झांसी-मानिकपुर रेल दोहरीकरण की 4329 करोड़ रुपये की परियोजना के तहत बांदा रेलवे स्टेशन पर 61 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य पहले से कराए जा रहे हैं। इसमें नए स्टेशन भवन का निर्माण, तीन नए प्लेटफॉर्म तैयार करना और मौजूदा फुट ओवरब्रिज का विस्तार शामिल है।
इन कार्यों से अलग 21 करोड़ रुपये की लागत से नया फुट ओवरब्रिज बनाया जाएगा। स्टेशन पर चल रहे और प्रस्तावित कार्य पूरे होने के बाद यात्रियों को पहले से अधिक सुविधाजनक और व्यवस्थित आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
बांदा बुंदेलखंड का प्रमुख रेलवे स्टेशन है। यहां यात्रियों की सुविधा के लिए लगातार बेहतर कार्य किए जा रहे हैं। वर्तमान में जो फुट ओवरब्रिज है, वह छोटा है। नया पुल बन जाने से यात्रियों को आवागमन में और अधिक सहूलियत मिलेगी।
डॉ. शिवम शर्मा, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।