विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जल्द बदल जाएगा बांदा रेलवे स्टेशन का पूरा लुक, नए प्लेटफॉर्म से लेकर AC वेटिंग हॉल तक मिलेंगी ये खास सुविधाएं

Published: Wed, 07 Oct 2026 04:38 PM (IST)

बांदा रेलवे स्टेशन का 62 करोड़ रुपये की लागत से तेजी से विस्तार किया जा रहा है, जिसमें नया भवन, वातानुकूलित कक्ष और कर्मचारियों के आवास शामिल हैं।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है

HighLights

  1. 62 करोड़ की लागत से बांदा स्टेशन का विस्तार जारी।

  2. नया भवन, एसी वेटिंग हॉल और आवास बनाए जा रहे।

  3. जून 2027 तक पूरा होगा स्टेशन विस्तार का काम।

जागरण संवाददाता, बांदा। झांसी-खैरार-मानिकपुर और खैरार-भीमसेन रेल दोहरीकरण की 4329 करोड़ रुपये की परियोजना के तहत बांदा रेलवे स्टेशन का विस्तार तेजी से कराया जा रहा है। स्टेशन पर फिलहाल करीब 62 करोड़ रुपये की लागत से नया भवन, वातानुकूलित कक्ष, कंट्रोल रूम और कर्मचारियों-अधिकारियों के आवास बनाए जा रहे हैं।

निर्माण कार्य के दौरान होने वाले वेरिएशन के चलते इसकी लागत में आगे बढ़ोतरी भी संभव है। काम पूरा होने के बाद यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ ट्रेनों के संचालन में भी सहूलियत होगी। प्लेटफॉर्म नंबर एक के बाहर पुरानी बाजार की ओर नए स्टेशन भवन का निर्माण चल रहा है। इसमें आरपीएफ थाना, टिकट विंडो, वातानुकूलित वेटिंग हाल, स्टेशन रूम, स्टेशन मास्टर कक्ष समेत अन्य जरूरी कक्ष बनाए जा रहे हैं।

विस्तार का काम जून 2027 तक होगा पूरा

भवन का निर्माण दो मंजिल तक पहुंच चुका है। इसके बाद प्लास्टर, रंगाई-पुताई समेत अन्य कार्य कराए जाएंगे। स्टेशन के दूसरी ओर बस स्टैंड की तरफ भी स्टेशन रूम, टिकट विंडो, वातानुकूलित कक्ष और कंट्रोल रूम का निर्माण कराया जा रहा है। यह काम फरवरी 2025 से चल रहा है और रेलवे ने स्टेशन भवन व विस्तार का काम जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है।

नया भवन तैयार होने के बाद स्टेशन का संचालन वहां से शुरू होगा। इसके बाद वर्तमान स्टेशन भवन को हटाकर प्लेटफार्म विस्तार का काम आगे बढ़ाया जाएगा। दोहरीकरण परियोजना के तहत स्टेशन पर दो नई रेल लाइनें बिछाई जानी हैं। इसके बाद सितंबर 2027 के आसपास तीन नए प्लेटफॉर्म बनाने का काम शुरू होने का प्रस्ताव है।

मौजूदा प्लेटफॉर्म नंबर दो की लंबाई 400 मीटर से बढ़ाकर 550 मीटर की जाएगी और इसे प्लेटफार्म नंबर पांच के रूप में उपयोग किया जाएगा। तीन नए प्लेटफॉर्म 550 मीटर लंबे और 11 मीटर चौड़े प्रस्तावित हैं। इनमें दो पुरानी बाजार की ओर और एक बस स्टैंड की ओर बनाया जाएगा।

नए प्लेटफॉर्मों तक यात्रियों की आवाजाही के लिए वर्तमान फुट ओवरब्रिज का भी विस्तार किया जाएगा। अभी यह प्लेटफॉर्म नंबर एक और दो को जोड़ता है। विस्तार के बाद इसे प्लेटफॉर्म नंबर एक से पांच तक जोड़ा जाएगा। इससे यात्रियों को सभी प्लेटफॉर्मों तक पहुंचने में सुविधा होगी।

यह भी पढ़ें- बांदा के स्कूलों में चुने जाएंगे टॉप-5 स्टूडेंट रीडर, मोबाइल की लत छुड़ाने और पढ़ने की आदत बढ़ाने की पहल

स्टेशन पर रेलवे कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए टाइप-टू, टाइप-थ्री और टाइप-फोर आवास भी बनाए जाने हैं। स्टेशन विस्तार का काम उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय की निर्माण शाखा गाजियाबाद की एक निजी फर्म के तहत करा रही है।

वर्तमान बांदा रेलवे स्टेशन को बगल में बन रहे नए भवन में शिफ्ट किया जाएगा। इसके बाद पुराने स्टेशन भवन को हटाकर उसकी जगह दो नए प्लेटफॉर्म बनाए जाएंगे। वहीं बस स्टैंड की ओर मौजूदा प्लेटफॉर्म के बगल में एक नया प्लेटफॉर्म बनाया जाएगा। अभी दोनों तरफ भवनों का निर्माण तेजी से चल रहा है। सभी काम पूरे होने के बाद यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

                                डॉ. शिवम शर्मा, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी- उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज