विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बांदा में गर्लफ्रेंड से शादी की जिद में पुल पर चढ़ा युवक, नीचे उतारने गई पुलिस टीमों के नाक में किया दम

Published: Fri, 11 Sep 2026 04:59 PM (IST)

बांदा में एक युवक प्रेमिका से शादी की जिद में केन नदी पर बने रेलवे पुल पर चढ़ गया, जिससे ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

HighLights

  1. युवक प्रेमिका से शादी की जिद में रेलवे पुल पर चढ़ा।

  2. पुलिस ने दो घंटे की मशक्कत के बाद युवक को समझाया।

  3. प्रेमिका के आने पर युवक सुरक्षित पुल से नीचे उतरा।

जागरण संवाददाता, बांदा। प्रेमिका से शादी की जिद में शुक्रवार सुबह छह बजे एक युवक के केन नदी पर बन रहे रेलवे पुल पर चढ़कर बैठ जाने से करीब दो घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। युवक प्रेमिका को मौके पर बुलाने और उससे शादी कराने की मांग पर अड़ा रहा। उसके नहीं आने पर पुल से कूदने की धमकी दी।

सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उसे समझाने का प्रयास करती रही। युवक के कूदने की आशंका को देखते हुए पुल के नीचे गोताखोर और नाविक तैनात किए गए। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने प्रेमिका को मौके पर बुलाया। उसके पहुंचते ही युवक नीचे उतरने के लिए तैयार हो गया। पुलिस ने उसे सुरक्षित नीचे उतारकर स्वजन के सुपुर्द कर दिया।

मामला मटौंध थाना क्षेत्र में केन नदी पर रेलवे का पुल है। शहर के चमरौडी निवासी विकास शर्मा शुक्रवार सुबह करीब छह बजे रेलवे पुल पर चढ़ गया। उसके पुल पर बैठने और कूदने की धमकी देने की जानकारी होते ही आसपास के लोग भी मौके पर जुटने लगे।

प्रेमिका को बुलाने की जिद पर अड़ा प्रेमी

बताया गया कि विकास का शहर की ही एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा है। वह उससे शादी करना चाहता था, लेकिन युवती के स्वजन इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे। इसी बात से नाराज होकर वह रेलवे पुल पर पहुंचा और प्रेमिका को मौके पर बुलाने की जिद करने लगा।

युवक के पुल पर चढ़ने की सूचना मिलते ही एसपी पलाश बंसल के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। चौकी प्रभारी भूरागढ़ उपनिरीक्षक अरविंद कुमार, चौकी प्रभारी कालवनगंज शुभम कौशिक और चौकी प्रभारी जेल प्रदीप सोनी ने सूझबूझ से युवक को समझाने का प्रयास किया।

यह भी पढ़ें- वीर अब्दुल हमीद के गांव को सरकार ने दिया तोहफा, केंद्रीय गृह राज्यमंत्री ने किया बड़ा एलान

पुलिसकर्मियों ने विकास से बातचीत कर उसे नीचे उतरने के लिए मनाया, लेकिन वह प्रेमिका के मौके पर आने की मांग पर अड़ा रहा। वह बार-बार प्रेमिका को बुलाने और उससे शादी कराने की बात कहता रहा। साथ ही धमकी देता रहा कि प्रेमिका नहीं आई तो वह पुल से कूद जाएगा।

गोताखोर और नाविक भी रहे तैनात

युवक के कूदने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने एहतियात के तौर पर केन नदी में पुल के नीचे गोताखोरों और नाविकों को तैनात रखा। किसी अनहोनी की स्थिति में तत्काल बचाव के लिए उन्हें तैयार रखा गया। इस दौरान युवक को देखने के लिए पुल के आसपास लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने भीड़ को दूर रखने के साथ युवक से बातचीत जारी रखी।

प्रेमिका के पहुंचते ही नीचे उतरा

करीब दो घंटे तक समझाने के बाद पुलिस ने युवक की प्रेमिका को मौके पर बुलाया। उसके पहुंचते ही विकास नीचे उतरने के लिए तैयार हो गया। पुलिसकर्मियों ने उसे सुरक्षित पुल से नीचे उतार लिया। इसके बाद उसे स्वजन के सुपुर्द कर दिया गया।

यह भी पढ़ें- 100-200 नहीं; 4500 साल पुरानी हैं मांडी में मिलीं 3000 स्वर्ण मुद्राएं, गंगा घाटी सभ्यता के मिले ऐतिहासिक प्रमाण

सुबह छह बजे शुरू हुआ घटनाक्रम करीब आठ बजे समाप्त हुआ। युवक के सुरक्षित नीचे उतरने के बाद पुलिस और मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।