बांदा-खुरहंड के बीच नई रेल लाइन पर बढ़ी ट्रेनों की रफ्तार, 110 किमी/घंटा की गति से दौड़ेंगी ट्रेनें
बांदा और खुरहंड के बीच नई डबल रेल लाइन पर ट्रेनों की गति 100 से बढ़ाकर 110 किलोमीटर प्रति घंटा ...और पढ़ें
-1794217107608_m.webp)
यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।
जागरण संवाददाता, बांदा। बांदा से खुरहंड के बीच रेल यात्रा अब पहले से तेज होगी। खैरार-मानिकपुर रेलखंड पर दोहरीकरण के तहत बिछाई गई नई डाउन लाइन पर ट्रेनों की रफ्तार 100 से बढ़ाकर 110 किलोमीटर प्रति घंटा कर दी गई है। यानी अब ट्रेनें इस हिस्से में पहले से 10 किलोमीटर प्रति घंटे अधिक रफ्तार से चल सकेंगी। रेलवे ने बांदा और खुरहंड स्टेशन के बीच 19.178 किलोमीटर लंबे रेलखंड पर यह बदलाव किया है।
इससे ट्रेनों को तेज गति से निकालने में मदद मिलेगी और यात्रियों के समय की बचत होगी। बांदा स्टेशन से किमी 1320.002 से मानिकपुर की ओर किमी 1339.180 तक नई डाउन लाइन पर अब 110 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रेनें चल सकेंगी। उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल ने रेल पटरियों और दूसरी सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ ही कई अन्य रेलखंडों पर भी ट्रेनों की रफ्तार बढ़ाई है।
इन रेलखंडोंं पर भी बढ़ी ट्रेनों की रफ्तार
झांसी मंडल के ललितपुर-मोहासा रेलखंड पर ट्रेनों की गति 120 से बढ़ाकर 130 किमी प्रति घंटा कर दी गई है। झांसी-दतिया के बीच तीसरी लाइन और मुरैना-हेतमपुर के बीच भी गति 110 से बढ़ाकर 130 किमी प्रति घंटा की गई है। आंतरी-संदलपुर रेलखंड पर भी ट्रेनों को अब 130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलाने की अनुमति दी गई है। मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने बताया कि गति बढ़ने से ट्रेनों के समय पर संचालन में मदद मिलेगी। साथ ही रेल लाइनों की क्षमता बढ़ने से अधिक ट्रेनों का संचालन आसान होगा।