बच्चों को मिलने वाले दूध-फल और इन चीजों में किया खेल, बांदा में हेडमास्टर पर गिरी सस्पेंशन की गाज
बांदा के बड़ोखर खुर्द स्थित प्राथमिक विद्यालय अरबई के प्रधानाध्यापक अनूप कुमार को मिड-डे मील और अन्य मदों में गंभीर अनियमितताओं के चलते निलंबित कर दिया गया है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
प्रधानाध्यापक अनूप कुमार मिड-डे मील अनियमितताओं के चलते निलंबित।
एमडीएम पंजिका में छात्रों की उपस्थिति चार गुना अधिक मिली।
बच्चों को दूध-फल और खेल सामग्री नहीं दी जा रही थी।
जागरण संवाददाता, बांदा। बड़ोखर खुर्द के प्राथमिक विद्यालय अरबइ में बीईओ के निरीक्षण में एमडीएम से लेकर विभिन्न मदों की धनराशि के इस्तेमाल तक कई अनियमितताएं सामने आईं। एमडीएम पंजिका में वास्तविक उपस्थिति से चार गुना से अधिक छात्र दर्ज मिले।
मेन्यू के अनुसार बच्चों को दूध-फल नहीं बांटे जा रहे थे। दो वर्षों से खेलकूद सामग्री भी नहीं खरीदी गई। बीइओ की जांच रिपोर्ट के आधार पर बीएसए ने प्रधानाध्यापक अनूप कुमार को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
ग्रामवासी की शिकायत पर बीइओ बड़ोखर खुर्द किशन कुमार ने तीन सितंबर को विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रधानाध्यापक बिना सूचना अनुपस्थित मिले। जांच में पता चला कि वह अधिकांश दिनों विद्यालय से अनुपस्थित रहते हैं। एमडीएम पंजिका में वास्तविक उपस्थिति से चार गुना से अधिक छात्र संख्या दर्ज की गई थी। बच्चों को मेन्यू के अनुसार दूध और फल वितरित नहीं किए जा रहे थे।
दो साल से खेलकूद सामग्री नहीं खरीदे जाने की बात आई सामने
विद्यालय में दो वर्षों से रंगाई-पुताई भी नहीं कराई गई। 15 अगस्त और 26 जनवरी जैसे राष्ट्रीय पर्वों पर प्रभात फेरी नहीं निकाली गई और बच्चों को मिष्ठान भी वितरित नहीं किया गया। राष्ट्रीय पर्वों और बैठकों में गणमान्य व्यक्तियों को आमंत्रित करने का भी कोई प्रमाण नहीं मिला। जांच में दो वर्षों से खेलकूद सामग्री नहीं खरीदे जाने की बात सामने आई।
यह भी पढ़ें- वीर अब्दुल हमीद के गांव को सरकार ने दिया तोहफा, केंद्रीय गृह राज्यमंत्री ने किया बड़ा एलान
टीएलएम, इको क्लब, पीटीएम और अन्य मदों में उपलब्ध धनराशि से सामग्री खरीदने अथवा कार्यक्रम कराने का कोई प्रमाण नहीं मिला। बच्चों के बैठने के लिए टाट-पट्टी भी नहीं खरीदी गई थी। विद्यालय परिसर में जलभराव भी मिला। बीइओ की रिपोर्ट के आधार पर बीएसए अव्यक्त राम तिवारी ने प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में उन्हें बीइओ कमासिन कार्यालय से संबद्ध किया गया है।
यह भी पढ़ें- 100-200 नहीं; 4500 साल पुरानी हैं मांडी में मिलीं 3000 स्वर्ण मुद्राएं, गंगा घाटी सभ्यता के मिले ऐतिहासिक प्रमाण
विभागीय जांच बीईओ कमासिन राजेश कुमार को सौंपी गई है। बीएसए ने बताया कि शिकायत पर कराए गए निरीक्षण में प्रथम दृष्टया कई अनियमितताएं मिलीं। एमडीएम पंजिका में छात्र संख्या को लेकर गंभीर गड़बड़ी सामने आई है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
