विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिना किराये की चिंता, सीधे भैया के द्वार, रक्षाबंधन पर बांदा डिपो की 158 बसों में महिलाओं को मिलेगी मुफ्त यात्रा की सौगात

Published: Mon, 24 Aug 2026 01:00 PM (GMT+05:30)

सीएम ने रक्षाबंधन पर महिलाओं को परिवहन निगम की बसों में एक दिन के लिए मुफ्त सफर की सौगात दी ...और पढ़ें

रक्षाबंधन पर मुफ्त यात्रा करेंगी महिलाएं।

रक्षाबंधन पर मुफ्त यात्रा करेंगी महिलाएं।

HighLights

  1. महिलाओं को रक्षाबंधन पर परिवहन निगम की बसों में मुफ्त सफर।

  2. यह सुविधा 27 अगस्त रात 12 बजे से 28 अगस्त रात 12 बजे तक।

  3. यात्रियों की सुविधा हेतु 26 से 31 अगस्त तक बसों के फेरे बढ़ाए गए।

जागरण संवाददाता, बांदा। रक्षाबंधन पर्व पर सीएम ने महिलाओं को एक दिन के लिए परिवहन निगम की बसों में मुफ्त सफर की सौगात दी है। हालांकि बीते वर्ष यह सुविधा तीन दिन के लिए थी। शहर स्थित परिवहन निगम डिपो से कुल 158 रोडवेज बसों का संचालन विभिन्न रूटों पर होता है। इस वर्ष रक्षाबंधन 28 अगस्त को मनाया जाना है। इनमें रक्षाबंधन पर बहनों के लिए 27 अगस्त की रात 12 बजे से 28 अगस्त रात 12 बजे तक के लिए परिवहन निगम की रोडवेज बसों में यात्रा फ्री रहेगी।

बहनों के साथ उनके सहयोगी भी मुफ्त में यात्रा कर सकेंगे। वहीं रक्षाबंधन पर घर जाने में यात्रियों को कोई असुविधा का सामना न करना पड़े, इसके लिए परिवहन निगम ने बसों के फेरे बढ़ाने का निर्णय लिया है। 26 से 31 अगस्त तक छह दिनों के लिए बसों के फेरे बढ़े रहेंगे।

इससे यात्रियों को अपने गंतव्य तक जाने के लिए वाहनों का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। निगम ने रोडवेज बसों के संचालन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। पानी, रोशनी और सफाई के खास इंतजाम करने व बसों के संचालन और उपलब्धता से जुड़ी जानकारी देने के लिए 24 घंटे कंट्रोल रूम बनाए जाने के निर्देश मिले हैं।

रक्षाबंधन में ड्यूटी करने वालों को मिलेगी प्रोत्साहन राशि

यात्रियों की सुविधा के साथ बस संचालन में जुटे कर्मचारियों के लिए भी प्रोत्साहन राशि दिया जाएगा। रक्षाबंधन के छह दिनों के दौरान 1800 किलोमीटर बस संचालन पूरा करने वाले चालक-परिचालकों को 1200 रुपये, संविदा चालक-परिचालकों को 1800 किलोमीटर से ज्यादा बस चलाने पर अतिरिक्त दूरी के लिए 55 पैसे प्रति किलोमीटर की दर से प्रोत्साहन राशि मिलेगी।

कार्यशालाओं में काम करने वाले तकनीकी कर्मचारियों के लिए भी प्रोत्साहन राशि तय की गई है। छह दिनों तक ड्यूटी पर उपस्थित रहने वाले तकनीकी कर्मचारियों को 500 रुपये की एकमुश्त प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। अधिकारियों, पर्यवेक्षकों, चालकों और परिचालकों को विशेष परिस्थितियों को छोड़कर अवकाश या साप्ताहिक विश्राम नहीं दिया जाएगा।

रक्षाबंधन पर रोडवेज में एक दिन फ्री यात्रा की घोषणा से बहुत खुशी हुई है। हर पर्व में जब घर जाने का मन होता है तो किराया को लेकर सोचना पड़ता है। रक्षाबंधन में अब फ्री यात्रा से पैसे भी बचेंगे और भाई से मिलने का उत्साह भी दोगुना हो गया है। सरकार का ये फैसला महिलाओं के लिए बहुत अच्छा है। रज्जो देवी, जौहरपुर

सरकार ने रक्षाबंधन पर बहनों के लिए बस फ्री की है, ये सुनकर बहुत अच्छा लगा। हम घर संभालती हैं, अक्सर मायके जाने का किराया सोच कर रुक जाते हैं। इस बार बिना किराए की चिंता के अपने भाई के पास जा सकूंगी। सरकार को हर त्योहार पर ऐसी सुविधा देनी चाहिए। गुड़िया, जसपुरा

रक्षाबंधन पर 26 से 31 अगस्त तक छह दिनों के लिए यह व्यवस्था रहेगी। इस दौरान अधिकारियों, पर्यवेक्षकों, चालकों और परिचालकों को विशेष परिस्थितियों को छोड़कर अवकाश या साप्ताहिक विश्राम पर रोक रहेगी। रक्षा बंधन में एक दिन के लिए रोडवेज की मुफ्त यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराएगा। देशराज, एआरएम, बांदा

यह भी पढ़ें- पढ़ाई के साथ रोजगार की तैयारी, बांदा के स्कूलों में मिलेगी स्किल ट्रेनिंग; कौशल में निपुण होंगे छात्र