विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बांदा में अवैध तरीके से पेड़ कटान रोकने पर वन विभाग की टीम पर हमला, दारोगा समेत 7 घायल

Published: Thu, 05 Nov 2026 10:02 PM (IST)

बांदा के तिंदवारा गांव में अवैध पेड़ कटान रोकने गई वन विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया, जिसमें दारोगा समेत सात कर्मी घायल हो गए।

एआई जनरेटेड तस्वीर।

एआई जनरेटेड तस्वीर।

HighLights

  1. अवैध पेड़ कटान रोकने गई वन विभाग टीम पर हमला।

  2. वन दारोगा समेत सात कर्मी हमले में हुए जख्मी।

  3. पुलिस ने दो नामजद समेत कई पर मुकदमा दर्ज किया।

जागरण संवाददाता, बांदा। शहर कोतवाली क्षेत्र के तिंदवारा गांव स्थित कुबेर का पुरवा में अवैध पेड़ कटान रोकने पहुंची वन विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। जिसमें वन विभाग दारोगा समेत सात लोग जख्मी हुए। एक कर्मी के नाक व मुंह से खून बहा।

डायल 112 को फोन करने पर आरोपित ग्रामीण भाग निकले। वन विभाग की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद व कई अज्ञात के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा डालने वन संपदा नष्ट करने, मारपीट करने आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। टीम ने मौके से लकड़ी ढोने के लिए खड़े ट्रैक्टर को पकड़कर रानी दुर्गावती मेडिकल कालेज की पुलिस चौकी में खड़ा कराया है।

वन विभाग के कर्मचारियों को बुधवार रात सूचना मिली थी कि शहर कोतवाली के ग्राम तिंदवारा कुबेर का पुरवा के पास कुछ लोग पेड़ों का अवैध कटान कर रहे हैं। इस पर रेंज स्टाफ और प्रवर्तन दल की टीम मौके पर पहुंची। जहां आम और महुआ के 10 पेड़ काटे जा रहे थे। वनविभाग की टीम ने पेड़ काटने का विरोध किया तो भीड़ में शामिल लोग उग्र हो गए।

सचल दल प्रभारी वन दरोगा रामप्रताप ने गुरुवार देरशाम शहर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि भीड़ में शामिल लोकेंद्र राजपूत गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने नमो नारायण नाम के अपने साथी को आवाज लगाते हुए कहा कि इन लोगों को मारो। इसके बाद भीड़ ने वन विभाग की टीम पर हमला कर दिया। मारपीट में वन सुरक्षा कर्मी रामदीन पाल की नाक में चोट लगने से खून बहने लगा। तहरीर में वन दरोगा रामप्रताप, कमलेश कुमार सिंह, देवांशु, सुनील और वनकर्मी रामराज व युवराज के साथ भी मारपीट का आरोप लगाया गया है।

वन विभाग की रेंजर सदर आकांक्षा गुप्ता ने बताया कि घटना के समय वन विभाग के कर्मचारी सिविल ड्रेस में थे। हमले में केवल एक वनकर्मी को चोट आई है, जिनका उपचार कराया गया। बाकी सभी सुरक्षित हैं। वन विभाग की ओर से मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। सीओ सिटी सौरभ सिंह ने बताया कि मामले की जांच कर आरोपितों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।