अधिकारियों ने बनाई रणनीति, मिलावट पर लगेगी रोक
जागरण संवाददाता बांदा दीपावली पर खाद्य वस्तुओं में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने
जागरण संवाददाता, बांदा : दीपावली पर खाद्य वस्तुओं में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने टीमें गठित की हैं। होटल-दुकानों में नमूने भरे जा रहे हैं। जांच में नमूने फेल मिले तो जुर्माना व जेल भेजने की कार्रवाई होगी। पिछले वर्ष जांच में 30 नमूने फेल हुए थे। ज्यादा से ज्यादा मुनाफा कमाने के लिए व्यवसायी इस बार भी सक्रिय हो गए हैं। मिठाई, खोवा, पनीर आदि में हानिकारक चीजें मिला रहे हैं। पर्व सिर पर देख विभाग ने जांच अभियान तेज करने की मंसूबा तैयार किया है।
पिछले वर्ष दीपावली में खाद्य सुरक्षा एवं प्रशासन विभाग ने मिलावट को लेकर छापेमारी की थी। टीमों ने जिले भर की दुकानों से खाद्य वस्तुओं के 176 नमूने लिए थे। विश्लेषण केंद्र में जांच के बाद खोवा, पनीर, दूध, तेल व मिठाइयों आदि के 30 से ज्यादा सैंपुल फेल आए थे। मिलावट करने वालों के खिलाफ मुकदमा दायर कर जुर्माना किया गया था। इस बार फिर दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही मिलावटखोर सक्रिय हो गए हैं। डीएम के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले में तहसीलवार टीमें गठित की हैं। यह टीमें अपने-अपने क्षेत्र में मिलावट पर निगाह रखेंगी। जहां मिलावट का संदेह होगा, नमूने लेकर जांच को भेजे जाएंगे। टीमें सोमवार से दुकानों में छापेमारी करेंगी। दुकानों पर जांच के लिए सघन अभियान तेज किया जाएगा। खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ.सौरभ उत्तम ने कहा कि मिलावटखोरों से जनता भी होशियार रहे। खाद्य वस्तुओं की खरीद करते समय सावधानी बरतें। मिलावट का संदेह होने पर विभाग में अधिकारियों को सूचित करें।