Banda : सुबह से लाइन में लगने के बाद खाद न मिलने पर भड़के किसान, बांदा-बिसंडा राजमार्ग पर किया चक्का जाम
बांदा में ओरन कस्बा में साधन सहकारी समिति में डीएपी और यूरिया खाद न मिलने से सुबह से लाइन में लगे किसान भड़क उठे। किसानों ने नारेबाजी करते हुए बांदा-बिसंडा राजमार्ग पर चक्का जाम कर दिया। जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई।
बांदा, जागरण संवाददाता। ओरन कस्बा में साधन सहकारी समिति में डीएपी और यूरिया खाद के लिए किसान सुबह से लाइन में लग गए। करीब एक घंटे तक सचिव ने खाद का वितरण किया। इसके बाद बंद कर दिया। सचिव का कहना था कि किसानों की संख्या ज्यादा है और खाद की बोरियां कम हैं। इसके बाद किसानों का गुस्सा भड़क गया और वह नारेबाजी करने लगे। बांदा-बिसंडा राजमार्ग पर करीब चार सौ किसानों ने चक्का जाम कर दिया।
ओरन पुलिस चौकी इंचार्ज ने पहले स्थिति संभालने की कोशिश की,लेकिन किसानों का गुस्सा देख उन्होंने उच्चाधिकारियों को सूचित किया।
किसानों का कहना था कि खाद उपलब्ध होने के बाद भी सचिव वितरण में मनमानी करते हैं। बिसंडा थानाध्यक्ष और एसडीएम अतर्रा विकास यादव भी मौके पर पहुंच गए। अपनी उपस्थिति में खाद बंटवाने का भरोसा देने पर किसानों का जाम हटा। जाम से हाईवे पर दोनों तरफ वाहनों की कतारें लग गईं। उधर, जिला कृषि अधिकारी डा.प्रमोद कुमार ने बताया कि सचिव ने खाद का वितरण बंद कर दिया, इससे किसान गुस्सा हो गए थे। अब स्थिति सामान्य है। एक-दो दिन में खाद की रैक पहुंचने पर स्थिति सामान्य हो जाएगी।