संविधान का खुला उल्लंघन कर रही भाजपा सरकार
भाजपा सरकार सीएए एनआरसी व एनपीआर लाकर भारत रत्न बाबा साहब डॉ.भीमराव आंबेडकर निर्मित संविधान का
बलरामपुर : भाजपा सरकार सीएए, एनआरसी व एनपीआर लाकर भारत रत्न बाबा साहब डॉ.भीमराव आंबेडकर निर्मित संविधान का खुला उल्लंघन कर रही है जिससे जनता में दहशत व आक्रोश व्याप्त हो गया है। यह बात कलेक्ट्रेट गेट पर आयोजित धरने को संबोधित करते हुए सपा पूर्व मंत्री डॉ. एसपी यादव ने कही। कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार की भर्मित करने की राजनीति का हिस्सा है।
जनता का ध्यान मूलभूत समस्याओं से हट सके। बेरोजगारी, मंहगाई, भ्रष्टाचार, दुष्कर्म, ध्वस्त कानून व्यवस्था, किसानों की दुर्दशा व अर्थव्यवस्था में गिरावट से सभी वर्ग कराह रहे हैं। कहा कि भाजपा सरकार ने नोटबंदी व जीएसटी लागू करने के बाद देश का व्यापार व धंधा चौपट हो गया। लाखों नौजवान बेरोजगार हो गए हैं। जेएनयू, जामिया जैसे उच्च शिक्षण संस्थाओं को बर्बाद किया जा रहा है। बेरोजगार नौजवान व किसान आत्महत्या कर रहे हैं। पूर्व विधायक अनवर अहमद ने कहा कि भाजपा सरकार सीएए, एनआरसी व एनपीआर जैसे असंवैधानिक कानून लाकर जनता में दहशत फैलाने का कार्य कर रही है। उन्होंने संविधान विरोधी कानून को वापस लिए जाने की मांग की है।
इसके बाद पूर्व मंत्री की अगुवाई में राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार शुक्ल को सौंपा गया। ज्ञापन देने वालों में पूर्व विधायक डॉ. आरिफ अनवर हाशमी, मशहूद अहमद, जगराम पासवान, ब्लॉक प्रमुख शफीक अहमद, इकबाल जावेद, राकेश कुमार यादव, मीरू शाह व विजय कुमार शामिल रहे।