पौधरोपण कर लिया धरा को हराभरा रखने का संकल्प
दैनिक जागरण के पौधरोपण अभियान से जुड़े लोग जिले में रोपित होंगे 2906270 पौधे
बलरामपुर :
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को दैनिक जागरण के पौधारोपण अभियान के तहत विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। वन विभाग ने जनकपुर में गोष्ठी व पौधारोपण कर लोगों को अधिक से अधिक पौधा लगाने के लिए प्रेरित किया। बजाज चीनी मिल, एमएलके महाविद्यालय, एसएसबी व स्वैच्छिक संस्था के लोगों ने पौधारोपण कर धरा का हराभरा रखने का संकल्प लिया। इस बार जिले में 2906270 लाख पौधा लगाने का लक्ष्य है। सोहेलवा वन्य जीव प्रभाग के जनकपुर रेंज में डीएफओ (प्रशिक्षु) प्रखर गुप्त ने विभाग की योजनाओं के बारे में बताया। सभी को पौधा रोपित कर उसकी सुरक्षा का संकल्प दिलाया। एसडीओ अनिल कुमार श्रीवास्तव मौजूद रहे। बजाज चीनी मिल इटईमैदा परिसर में फलदार पौधे रोपित किए गए। चीनी मिल यूनिट हेड अवधेश कुमार गुप्त ने कहाकि सभी कर्मचारी व अधिकारी एक-एक पौधा रोपित कर उसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी लें। गन्ना महाप्रबंधक पीएस चतुर्वेदी, रोहित गुप्त, प्रशासनिक अधिकारी केपी सिंह, उद्यान अधिकारी रितेश कुमार व पर्यावरण अधिकारी मयंक पुष्कर समेत अन्य लोगों ने पौधे रोपित किए। एमएलके महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. आरके सिंह के निर्देशन में शारीरिक दूरी का पालन करते रोवर्स व कैडेट्स ने पौधारोपण कर उनके संरक्षण का संकल्प लिया। रोवर्स प्रभारी डॉ. केके सिंह, ज्योति गुप्ता, मोहिनी, महेश यादव, विजय कुमारी, कुलदीप, प्रियंका भारती व आरती मौजूद रहीं। वात्सल्य पब्लिक स्कूल प्रशासन ने ऑनलाइन पर्यावरण दिवस का आयोजन किया। बच्चों ने अपने घर से ही पौधारोपण करने के साथ निबंध प्रतियोगिता, चित्रकला प्रतियोगिता व भाषण प्रतियोगिता में भाग लिया। प्रधानाचार्य डॉ. आशुतोष शुक्ल ने बताया कि प्रभागी बच्चों को ऑनलाइन प्रमाण पत्र दिया गया। पचपेड़वा क्षेत्र में एसएसबी 50वीं वाहिनी के जवानों ने त्रिलोकपुर, महजगवां व विजुवाकला में पौधारोपण किया। संजय कुमार शाह, गुड्डू, एएन पांडेय, बृजेंद्र सिंह, योगेश कुमार मौजूद रहे। गैंसड़ी में गायत्री परिवार युवा प्रकोष्ठ के तहत महिला व बाल इकाई के सदस्यों ने पौधा रोपित कर अभियान की शुरूआत की। उषा यादव ने बताया कि नींबू, गेंदा, आम के पौधे रोपित करने में शिवम यादव, सलोनी, रिद्धिमा, ऋषि, विनोद कुमार व सौमिक मौजूद रहे। शासकीय अधिवक्ता अंबिकेश्वर मिश्र व प्रोफेसर नागेंद्र सिंह ने वन ग्राम में आंवला, नीम समेत अन्य पौधा लगाया।