रेलवे फाटक बंद होते ही कराह उठता है शहर
नगर में बढ़ती जाम की समस्या से कोई तबका अछूता नहीं है। शहर के बीचोबीच स्थित झारखंडी रेलवे क्रॉसिग बंद होते ही पूरे शहर की रफ्तार मानो थम सी जाती है।
बलरामपुर : नगर में बढ़ती जाम की समस्या से कोई तबका अछूता नहीं है। शहर के बीचोबीच स्थित झारखंडी रेलवे क्रॉसिग बंद होते ही पूरे शहर की रफ्तार मानो थम सी जाती है। हर आधे घंटे पर यहां से गुजरने वाली मालगाड़ी लोगों की मुश्किलें बढ़ा देती है। फाटक के दोनों तरफ भारी जाम के झाम से लोगों को घंटों जूझना पड़ता है। वजह, नगर में प्रवेश करने वाले सभी छोटे-बड़े वाहन यहीं से होकर गुजरते हैं। यही नहीं, अक्सर सिग्नल क्लियर न होने से ट्रेन रेलवे क्रॉसिग पर ही खड़ी हो जाती है। इससे जल्दी निकलने की होड़ में राहगीर जान हथेली पर लेकर ट्रेन के नीचे व बगल से निकलने में भी गुरेज नहीं करते। यातायात व्यवस्था के लिए तैनात पुलिस व होमगार्ड महज डंडा पीटकर रह जाते हैं। एडीएम अरुण कुमार शुक्ल का कहना है कि जल्द ही अभियान चलाकर अतिक्रमण हटवाया जाएगा। नगर के चारों प्रमुख मार्गों पर फुटपाथ पर सजी दुकानों से समस्या बढ़ती जा रही है। अफसर कभी-कभार अभियान चलाने के नाम पर खानापूर्ति कर देते हैं। बहराइच मार्ग पर वीर विनय चौराहा से पीपल तिराहा तक सड़क की दोनों तरफ फुटपाथ पर दुकानें सजी रहती हैं। झारखंडी रेलवे क्रॉसिग पर ट्रेन आने के समय वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। सड़क के बीचोबीच रखा यातायात पुलिस का अस्थाई डिवाइडर लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है।
एनएच ने झारखंडी रेलवे क्रॉसिग पर ओवरब्रिज निर्माण की कवायद शुरू की थी। इसके लिए ले-आउट भी बनकर तैयार हो गया था। यही नहीं ओवरब्रिज के रास्ते में आने वाले मकानों व दुकानों को भी चिह्नित किया गया। इसके बाद ओवरब्रिज की कवायद गुम हो गई।