बुजुर्ग ने पेड़ से फांसी लगाकर देदी जान, सुसाइड नोट में बेटों के लिए लिखी ऐसी बात
मामला उतरौला क्षेत्र के रमवापुर कला इलाके का है। आम के पेड़ से लटकता मिला शव, जेब से मिला सुसाइड नोट।
बलरामपुर, जेएनएन। जिले में 60 वर्षीय बुजुर्ग का शव आम के पेड़ से लटकता हुआ मिला। मृतक के पास से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। जिसमें मृतक ने बेटों पर मानसिक शोषण का आरोप लगाया है। साथ ही बेटी की विवाह के लिए धन न होने की बात कही है। बताया जाता है कि मृतक ने अपनी छह बीघा जमीन अपने दो बेटों के नाम कर दी थी। पुलिस के मुताबिक, मामले की छानबीन की जा रही है।
ये है पूरा मामला
मामला उतरौला क्षेत्र के रमवापुर कला इलाके का है। यहां के निवासी भगौती (60) का शव रविवार सुबह पेड़ से लटका मिला। पुलिस के मुताबिक, मृतक शनिवार रात अपने घर के पास के बाग में गया था। वहीं, पारिवारिक कलह के चलते आम के पेड़ से बुजुर्ग ने फांसी लगाकर जान दे दी। मृतक के जेब से सुसाइड नोट भी मिला है। जिसमें उसने लिखा कि बेटों ने बहन की शादी की जिम्मेदार ली थी। इसके बाद दोनों ने इन्कार कर दिया। हताश होकर ऐसा कदम उठाना पड़ रहा है।
क्या कहना है पुलिस का ?
प्रभारी निरीक्षक एसके सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में ले लिया गया है। प्रथम दृष्टया घटना पारिवारिक कलह प्रतीत होता है। छानबीन की जा रही है।