बलरामपुर में बोलीं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, आर्गेनिक खेती करें किसान; सरकार दे रही सब्सिडी
Balrampur News राज्यपाल आनंदीबेन पटेल शुक्रवार को बलरामपुर दौरे पर पहुंचीं। मंडी समिति में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल ने कहा किसानों को आर्गेनिक खेती पर फोकस करने की जरूरत है। सरकार इसके लिए सब्सिडी भी दे रही है।
बलरामपुर, जागरण संवाददाता। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने बलरामपुर के मंडी समिति में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि भारत सरकार एवं राज्य सरकार आर्गेनिक खेती को को बढ़ावा दे रही है। किसानों की सहायता कर रही है। सब्सिडी दे रही है। सोलर पंप दे रही है। यूपी में चार कृषि विश्वविद्यालय बनाए गए है इसके माध्यम से किसानों को सलाह व ट्रेनिंग दी जा रही है। किसानों को जो ट्रेनिंग या मार्गदर्शन मिल रहा है उसका फायदा लेकर किसान बेहतर फसलों की पैदावार कर रहे हैं, लेकिन उन्हें आर्गेनिक खेती के लिए मार्केट नहीं मिल रही है।
यह समस्या बड़ी है। किसानों को अपने आप मार्केटिंग करनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि किसानों के सामने यह समस्या है कि वह आर्गेनिक खेती करके उससे प्राप्त उत्पाद को कहां बेचे। आज बलरामपुर में आर्गेनिक खेती से संबंधित एक दुकान खुल रही है। धीरे-धीरे इसकी पूरी मार्केट होगी और इसके खरीदार जो इसे खरीदना चाहते हैं वह पूरा भरोसा करते हुए कि यह उत्पाद आर्गेनिक ही है उसे खरीदेंगे । आर्गेनिक खेती से किसानों को अधिक से अधिक लाभ होगा। मंडी समिति के बाद राज्यपाल महारानी लाल कुवंरि महाविद्यालय पहुंची। यहां आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए प्री-स्कूल किट एवं थारू जनजाति को वनाधिकार प्रमाण पत्र देंगी।