..और पहाड़ी नाले ने भी दी तबाही की दस्तक
कल्याणपुर व ढोढरी गांव में राप्ती नदी कर रही कटान पहाड़ी नाला में बह गया खेत
बलरामपुर : सदर ब्लॉक के ढोढरी गांव में राप्ती नदी तेजी से कटान कर रही है। सैकड़ों बीघे कृषि योग्य जमीन नदी की धारा में बह गई है। उधर हरैया सतघरवा क्षेत्र में पहाड़ी नाला धोबीनिया तबाही मचा रहा है। नाला सहतीपुरवा, गोड़टूटवा गांव के पास कटान कर रहा है। कटान रोकने के लिए किए जा रहे इंतजाम पानी में बह जा रहे हैं। प्राथमिक विद्यालय कल्याणपुर को बचाने के लिए बंबू कैरेट व मिट्टी भरी बोरी लगाने का कार्य एक सप्ताह से चल रहा है, लेकिन स्कूल का आधा भवन नदी की धारा में बह गया। उसे बचाया नहीं जा सके। इस स्थान पर नदी कटान तेज कर रही है। कटान रोधी कार्य अभी चल रहा है।
कटान की जद में खेत : -हरैया सतघरवा क्षेत्र में पहाड़ी नाला धोबीनिया सहतीपुरवा व गोड़टूटवा गांव के लोग सहमे हुए हैं। दोनों गांव के करीब 12 लोगों की 80 बीघा कृषि योग्य भूमि नदी की धारा में समा चुकी है। कपिलदेव, राजेंद्र, राजू, हरीराम, राजितराम, जगराम, जिलेदार, सहजराम, साहेबदीन व संतराम ने बताया कि उनके खेत में गन्ना व धान की फसल लगी थी। जो नाला की धारा में बह गई है। कटान से बचाव के लिए कोई कार्य अब तक शुरू नहीं किया गया है। जबकि कटान हर साल होती है। इसे लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। एसडीएम डॉ. नागेंद्र सिंह यादव ने बताया कि जानकारी मिली है। बचाव कार्य शीघ्र शुरू कराया जाएगा।