फसल गिरने से किसानों के चेहरे मुरझाए, जलभराव से परेशानी
बलरामपुर 20 से 22 सितंबर के बीच भी होगी बारिश आंशिक बादल छाने से फसलों में कीट लगने की आशंका।
जागरण टीम, बलरामपुर :
जिले में लगातार दो दिनों से बारिश जारी है। बारिश के कारण तापमान में कमी आई है। इससे लोगों को उमस से थोड़ा राहत मिली है। मौसम विभाग ने अभी एक-दो दिन और बारिश होने की संभावना जताई है। इस कारण जिलाधिकारी ने कक्षा एक से आठ तक के सभी स्कूल 18 को भी बंद करने का आदेश दिया है। वहीं बारिश के कारण गन्ना की फसल गिर जाने से किसानों के चेहरे मुरझा गए। अब किसान गन्ने की फसल को बांधने में जुट गए। शुक्रवार को 46.20 मिमी वर्षा दर्ज की गई है।
बारिश से गली-मुहल्लों में जलभराव हो गया है। इससे लोगों का राह चलना दुश्वार है। नगर के सिविल लाइन, तुलसीपार्क मुहल्लों व गोंडा मार्ग पर बारिश का पानी भरा है। इससे लोगों का पैदल चलना मुश्किल है। उतरौला में बारिश से नगर क्षेत्र की प्रमुख गलियों व राजमार्गों पर जलभराव हो गया। तहसील परिसर, कोतवाली, वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय, गन्ना विकास समिति परिसर समेत अनेक कार्यालयों में जलभराव हो गया। मनकापुर मार्ग पर श्यामा प्रसाद मुखर्जी चौराहे के निकट जलभराव व मार्ग के क्षतिग्रस्त होने के कारण कई टेंपो भी पलट गए। इस मार्ग के बगल बने नाले की सफाई न होने के कारण जलनिकासी नहीं हो पा रही है। कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानी डा. अंकित तिवारी ने बताया कि अगले दो दिनों में हल्की बारिश होगी। हवा की रफ्तार भी कम होगी। आंशिक बादल छाए रहेंगे। आंशिक बादल छाने से फसलों में कीट लगने की आशंका बढ़ गई है। ऐसे में किसान कीट रोग प्रबंधन पर ध्यान रखें। 20 से 22 सितंबर के बीच भी बारिश की संभावना है।
विद्युत कटौती से हलकान हुए उपभोक्ता :
- सादुल्लाहनगर में तेज हवा व बरसात के कारण बिजली व्यवस्था ध्वस्त हो गई। इससे लोगों को मोमबत्ती व टार्च की रोशनी के सहारे रात बिताना पड़ा। आशीष गुप्त, कमलेश गुप्त, रमाकांत गुप्त, राजेश कुमार, हनुमान प्रसाद, अंश प्रताप, गुलाब गुप्त, रमेशचंद्र जायसवाल, नसीम अहमद ने बताया कि बुधवार रात से बिजली आपूर्ति बाधित है। रेहरा बाजार ब्लाक के विशुनपुर खरहना, सहजौरा, सरायाखास, फिरोजपुर, रानीपुर, बभनपुरवा, रामपुर अरना, सुकनी बाजार, भिरवा गांव में करीब 48 घंटे से बिजली गुल है। महमूद आलम, राघराम वर्मा, अताउल्लाह, रजनीश यादव व विवेक शुक्ल ने बताया कि विद्युत उपकेंद्र पर शिकायत करने के बाद भी आपूर्ति ठीक नहीं हुई। सहायक अभियंता अंकुर वर्मा ने बताया कि मरम्मत में समय लगने के कारण आपूर्ति बाधित रही।