शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर व गांव नगर में हुआ शामिल
नगर पंचायत का विस्तार होने के बाद नगर पालिका बनने के लिए तुलसीपुर एक कदम और बढ़ गया है। नगर पंचायत की आबादी अभी लगभग 40 हजार है। सीमा विस्तार के बाद इसकी आबादी बढ़कर कमोबेश 50000 के आसपास हो जाएगी।
बलरामपुर : नगर पंचायत का विस्तार होने के बाद नगर पालिका बनने के लिए तुलसीपुर एक कदम और बढ़ गया है। नगर पंचायत की आबादी 40 हजार है। जो सीमा विस्तार के बाद बढ़कर 50,000 के करीब हो जाएगी। जबकि नगर पालिका बनने के लिए 80 से एक लाख की आबादी अनुमन्य है। दूसरी तरफ आजादी के बाद पहली बार सुप्रसिद्ध देवीपाटन मंदिर ग्राम पंचायत की सीमा से हटकर अब नगर पंचायत में शामिल होगा। परिसीमन के बाद बढ़े तीन वार्डो में सुविधा मुहैया कराना नगर पंचायत के लिए वर्तमान संसाधनों में एक बड़ी चुनौती होगी। 10 हजार की आबादी पर 28 सफाईकर्मियों की आवश्यकता होती है। जबकि वर्तमान में 60 सफाईकर्मी नियुक्त हैं। परिसीमन के बाद करीब 112 सफाईकर्मियों की आवश्यकता होगी। समूचे नगर पंचायत सीमा की साफ सफाई हो सकेगी।नगर पंचायत को अतिरिक्त बजट नए वित्तीय वर्ष अप्रैल के बाद ही मिल सकेगा। एक बड़े ओवरहेड टैंक व तीन बोरिग की आवश्यकता होगी। तभी क्षेत्रवासियों को पेयजल की सुविधा मिल सकेगी। अधिशासी अधिकारी अनिरुद्ध कुमार का कहना है कि मौजूदा संसाधनों में परिसीमन के बाद बढ़ी हुई आबादी को सुविधा मुहैया कराना एक चुनौती होगी। जिसे कर के माध्यम से आमदनी बढ़ाकर पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
नगर की सीमा में रहने वाले लोगों को मिलेगी सुविधा : नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि फिरोज पप्पू ने बताया कि नगर के सीमा में रहने वाले लोग नगर पंचायत की सुविधाओं से महरूम थे। जिन्हें अब पूरी सुविधा मिल सकेगी। जरवा रोड के पश्चिमी छोर पर अब नाला बनने की राह भी आसान हो जाएगी। यह भाग भी नगर पंचायत से अब जुड़ गया है।