39 मकानों की वजह से अटका तुलसीपुर फोरलेन निर्माण का काम, चार गुना मुआवजे पर अड़े भूस्वामी
बलरामपुर में देवीपाटन मंदिर मार्ग पर बन रहे फोरलेन और ओवरब्रिज का काम भूमि अधिग्रहण विवाद के कारण रुका हुआ ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
देवीपाटन मंदिर मार्ग फोरलेन निर्माण भूमि विवाद में अटका।
39 भूस्वामी चार गुना मुआवजे की मांग पर अड़े हैं।
प्रशासन और भूस्वामियों के बीच सहमति नहीं बन पाई।
संवाद सूत्र, (बलरामपुर)। देवीपाटन मंदिर मार्ग पर बन रहे फोरलेन और ओवरब्रिज के निर्माण में भूमि अधिग्रहण का पेच अब तक नहीं सुलझ सका है। प्रशासन और भूस्वामियों के बीच सहमति न बनने से जिन स्थानों पर मकान हटाकर निर्माण होना है, वहां काम बंद पड़ा है। एनजीओ की मध्यस्थता भी बेनतीजा रही।
फोरलेन और ओवरब्रिज की जद में करीब 317 लोगों के मकान आ रहे थे। इनमें से 39 को छोड़कर शेष लोगों ने बैनामा कर दिया। पूर्व राजस्व निरीक्षक गुलाब चंद्र भारती के नेतृत्व में 39 भूस्वामियों ने उचित मुआवजे की मांग को लेकर न्यायालय की शरण ली। न्यायालय ने सहमति के आधार पर ही अधिग्रहण करने का निर्णय दिया। इस फैसले को दो माह बीत चुके हैं, लेकिन अब तक सहमति नहीं बन पाई।
सहमति बनाने के लिए जिलाधिकारी ने एक स्वयंसेवी संगठन को जिम्मेदारी सौंपी थी। संगठन ने भूस्वामियों, लोक निर्माण विभाग और राजस्व विभाग को एक साथ बैठाकर वार्ता कराई, पर भूस्वामी सर्किल रेट से चार गुना मुआवजे की मांग पर अड़े रहे।
मुश्किल से मिल सकी जानकारी
इसी बीच विभाग ने समाचार पत्रों में विज्ञापन प्रकाशित कर लोगों से 60 दिन के भीतर आपत्ति दर्ज कराने को कहा है। गुलाब चंद्र भारती का आरोप है कि प्रशासन ने चुपके से ऐसे अखबार में प्रकाशन कराया, जो आम लोगों की पहुंच से दूर है। उन्होंने कहा कि इसकी जानकारी बड़ी मुश्किल से मिल सकी।
यह भी पढ़ें- मुरादाबाद रेल मंडल में ट्रेनों को मिलेगी रफ्तार, हरदोई में 32 करोड़ से होगा लूप लाइन का विस्तार
गणेश जायसवाल, मोहर्रम अली, दिलीप गुप्ता, प्रदीप यादव, अशोक गुप्ता और पवन गुप्ता सहित कई भूस्वामियों ने साफ कहा है कि सर्किल रेट से चार गुना मुआवजा मिलने पर ही वे अपने मकान देंगे। फिलहाल ओवरब्रिज का निर्माण बीच में रुका है, जबकि दोनों ओर फ्लाईओवर का हिस्सा तैयार हो चुका है।
वहीं, एसडीएम हेमंत कुमार गुप्ता ने कहा कि मामले का जल्द संतोषजनक निस्तारण कर लिया जाएगा।
