बलरामपुर के तुलसीपुर में देवीपाटन मेला की तैयारियां तेज, सफाई का चला विशेष अभियान
देवीपाटन मंदिर पर लगने वाले मेले की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। साफ-सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा ...और पढ़ें

HighLights
मेला परिसर में 450 सफाईकर्मी तैनात किए गए।
सफाई व्यवस्था 24 घंटे तीन शिफ्टों में चलेगी।
मेला क्षेत्र को तीन प्रमुख जोन में बांटा गया।
संवाद सूत्र, तुलसीपुर (बलरामपुर)। शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर पर लगने वाले मेला को लेकर तैयारियां अंतिम दौर में चल रही हैं। मेला परिसर में में साफ-सफाई की व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
सोमवार को देवीपाटन मंदिर के पश्चिमी छोर सीरिया नाला तक कर्मियों की टोली सफाई करने में जुटी दिखी। वहीं तहसील रोड पर भी सफाईकर्मी झाड़ू लगा रहे थे। मेले में कुल 450 सफाईकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इनमें 400 सफाईकर्मी ग्राम पंचायतों से लगाए गए हैं, जबकि गैंसड़ी व पचपेड़वा नगर पंचायत से 10-10 तथा नगर पंचायत तुलसीपुर से 30 सफाईकर्मियों की तैनाती की गई है। मेला परिसर में दुकानें सजने लगी हैं।
नगर पंचायत तुलसीपुर के अधिशासी अधिकारी प्रवीण कुमार दुबे ने बताया कि मेले के दौरान 24 घंटे साफ-सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए सफाईकर्मियों की ड्यूटी तीन शिफ्टों में लगाई गई है। प्रत्येक शिफ्ट आठ-आठ घंटे की होगी। इसके साथ ही पूरे मेला क्षेत्र को तीन जोन में बांटा गया है, जिसमें मंदिर का आंतरिक परिसर, वाह्य परिसर और देवीपाटन मेला परिसर शामिल है। बताया कि मंदिर के आंतरिक परिसर की साफ-सफाई वहां पहले से तैनात सफाईकर्मी करेंगे, जबकि बाहरी परिसर और मेला क्षेत्र की जिम्मेदारी नगर पंचायत व ग्राम पंचायतों से आए सफाईकर्मियों को सौंपी गई है। नगर पंचायत तुलसीपुर के सफाईकर्मी कूड़ा उठान कर उसे निर्धारित स्थान पर निस्तारित करेंगे।
कहा कि किसी भी बड़े मेले में भीड़ के बीच साफ-सफाई सबसे अहम होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए अपर जिलाधिकारी के निर्देशन में व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने की योजना बनाई गई है, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण मिल सके।
