नेपाल में सनातन धर्म को राष्ट्रीय पहचान दिलाएंगे देउबा, हिंदू राष्ट्र की मांग कर रहे संगठनों को मिला बल
पूर्व प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा ने नेपाल में सनातन धर्म को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का संकल्प लिया है। इससे नेपाल ...और पढ़ें

शेर बहादुर देउबा। फाइल फोटो
HighLights
शेर बहादुर देउबा ने सनातन धर्म को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का संकल्प लिया।
इस संकल्प से नेपाल में हिंदू राष्ट्र की मांग को बल मिला है।
हालिया झड़पों के बीच हिंदू राष्ट्र की मांग ने गति पकड़ी है।
अमित श्रीवास्तव, बलरामपुर। नेपाल में प्रदर्शन और उसे पुन: हिंदू राष्ट्र घोषित करने की मांग के बीच नेपाली कांग्रेस के नेता और पूर्व प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा ने देश में सनातन धर्म को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का संकल्प व्यक्त किया है।
यह बात उन्होंने नेपाली कांग्रेस के 14वें राष्ट्रीय सम्मेलन के समापन अवसर पर कही। उनके इस संकल्प से कहीं न कहीं हिंदू राष्ट्र की मांग कर रहे राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी (राप्रपा) और हिंदू संगठनों को बल मिला है।
इसी लिए इस बयान का हिंदू राष्ट्र की मांग करने वाले संगठन स्वागत कर रहे हैं। जबकि देउबा ने सीधे हिंदू राष्ट्र घोषित करो नहीं कहा है, लेकिन सनातन पहचान को स्वीकार करने और जनमत संग्रह कराने की बात कहकर बहस को हवा दे दी है। पूर्व प्रधानमंत्री के मैं हिंदू हूं हिंदू का बयान नेपाली कांग्रेस के फेसबुक पेज पर प्रसारित है।
हालांकि पूर्व प्रधानमंत्री के इस संकल्प से पहले नेपाली कांग्रेस के सांसद भी हिंदू राष्ट्र के मांग का समर्थन कर रहे हैं। कपिलवस्तु के अंकुर श्रीवास्तव बताते हैं कि पूर्व प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा का बयान ऐसे समय पर आया है जब नेपाल को पुन: हिंदू राष्ट्र बनाने की मांग तेज है। इसलिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इस दल के गगन थापा वाला गुट अलग है। उनकी प्रतिक्रिया का नेपाल के लोगों को इंतजार है। बताया कि नेपाल की वर्तमान सरकार धर्मनिरपेक्षता बरकरार रखना चाहती है। क्योंकि इसे बदलने के लिए दो तिहाई बहुमत के साथ जनमत संग्रह दोनों चाहिए।
दूसरी तरफ कपिलवस्तु क्षेत्र संख्या तीन से सांसद अभिषेक प्रताप शाह कहते हैं कि पूर्व प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा देर से आए दुरूस्त आए हैं। सत्ता में थे तो उसी समय यह करना चाहिए था। इसको लेकर उन्होंने आगे की रणनीति अभी सार्वजनिक नहीं की है। नेपाल को सनातन पहचान दिलाने का समर्थन करते हैं।
कहा कि आने वाले दिनों में हिंदू राष्ट्र की मांग व्यापक रूप लेगा, क्योंकि नेपाल का हर हिंदू, हिंदू राष्ट्र के पक्ष में है। वह एक बार फिर हिंदू राष्ट्र की पहचान चाहता है। सरकार में बैठे लोग अभी गंभीर नहीं हैं।
सरकार में बैठे लोगों को चाहिए दो तिहाई बहुमत से संविधान में संशोधन करके नेपाल के लोगों की मांग को पूरा करें। आने वाले दिनों में आंदोलन नया रूप लेगा और परिवर्तन तक की लड़ाई लड़ेगा। इसका नेपाली कांग्रेस भी समर्थन करेगा।
यहां से उठी मांग
नेपाल के सुनसरी जिले के देवानगंज में एक धार्मिक जुलूस के दौरान दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प हुई। पुलिस फायरिंग में तीन लोगों की मौत के बाद तनाव हो गया और मधेश तथा तराई क्षेत्रों में हिंदू राष्ट्र की मांग ने गति पकड़ ली। यह घटना बीते 26 ज़ुलाई को हुई थी।
इसके बाद नेपाल के अधिकांश शहरों और गांवों में हिंदू राष्ट्र की मांग ने जोर पकड़ ली। इसको हिंदूवादी व अन्य संगठनों के साथ नेपाल के विपक्षी दल के संघीय संसद का समर्थन मिला।
यह भी पढ़ें- कानपुर में चमड़ा उद्योग के लिए जमीन दिलाने के नाम पर हड़पे 35 करोड़, चेन्नई के कारोबारी ने कराया मुकदमा
