मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आज से बलरामपुर दौरा, करेंगे 804 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास
CM Yogi Adityanath: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बलरामपुर में तीन बजे के बाद से करीब 804 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
HighLights
जिले के विकास को नई गति देने और क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार वाला मुख्यमंत्री का दौरा
सीएम योगी आदित्यनाथ का शनिवार को देवीपाटन मंदिर परिसर में होगा रात्रि प्रवास
जागरण संवाददाता, बलरामपुर : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार से दो दिवसीय बलरामपुर के दौरे पर रहेंगे। वह दोपहर विकास खंड श्रीदत्तगंज के ग्राम बिलरिया में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री तीन बजे के बाद से करीब 804 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे।
सीएम योगी आदित्यनाथ के इस कार्यक्रम को जिले के विकास को नई गति देने और क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिहाज से अहम माना जा रहा है। इन परियोजनाओं के माध्यम से जिले में विकास की नई संभावनाओं को गति देने का प्रयास होगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री दोपहर बाद 3:10 बजे ग्राम बिलरिया स्थित हेलीपैड पर पहुंचेंगे, जबकि 3:15 बजे कार्यक्रम स्थल पर आगमन होगा।
मुख्यमंत्री यहां उतरौला और बलरामपुर विधानसभा क्षेत्रों से संबंधित विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम के लिए प्रशासनिक तैयारियां की गई हैं। जिला अधिकारी विपिन कुमार जैन व पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह ने ड्यूटी में लगे अधिकारियों व कर्मचारियों दिशा निर्देश दिए।
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, मुख्यमंत्री शाम 4:15 बजे वह कार्यक्रम स्थल से कार से हेलीपैड के लिए प्रस्थान करेंगे। शाम 4:20 बजे राजकीय हेलीकाप्टर से तुलसीपुर के लिए उड़ान भरेंगे और 4:35 बजे मां पाटेश्वरी सीनियर सेकेंडरी स्कूल स्थित हेलीपैड पर पहुंचेंगे। इसके बाद कार से प्रस्थान कर शाम 4:40 बजे देवीपाटन मंदिर पहुंचेंगे।
देवीपाटन मंदिर परिसर में मुख्यमंत्री का रात्रि प्रवास
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जिले में रात्रि प्रवास देवीपाटन मंदिर परिसर में होगा। इसके बाद मुख्यमंत्री रविवार, 11 अक्टूबर को सुबह 9:30 बजे से 10 बजे तक देवीपाटन मंदिर, तुलसीपुर में बालिका सम्मान कार्यक्रम में भाग लेंगे।
