यूपी के बलरामपुर में आयोजित होगी धम्म यात्रा, भाग लेने आएंगी कंबोडिया की राजदूत
बलरामपुर के लालनगर में 30 और 31 मार्च को चतुर्थ अंतरराष्ट्रीय त्रिपिटक चैंटिंग एवं धम्म यात्रा आयोजित हो रही है। ...और पढ़ें

HighLights
कंबोडियाई राजदूत रठ मेनी धम्म यात्रा में होंगी मुख्य अतिथि।
विश्व का प्रथम धम्म ध्वज बलरामपुर में होगा स्थापित।
खराब सड़क और बिजली आपूर्ति कार्यक्रम की प्रमुख चुनौतियाँ।
जागरण संवाददाता, बलरामपुर। 30 और 31 मार्च को चतुर्थ अंतरराष्ट्रीय त्रिपिटक चैंटिंग एवं धम्म यात्रा लालनगर में आयोजित की जा रही है। भारत में कंबोडिया के राजदूत रठ मेनी भाग लेंगी। धम्म यात्रा का आयोजन लार्ड बुद्ध वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा किया जा रहा है।
फाउंडेशन के सचिव दिवाकर पटेल ने बताया कि धम्म यात्रा स्थल पर मुख्य अतिथि के रूप में भारत में कंबोडिया के राजदूत रठ मेनी भाग लेंगी। बताया कि चार वर्ष से धम्म स्थली के विकास का सतत कार्य चल रहा है। संस्था द्वारा प्रतिवर्ष विभिन्न बौद्ध देशों के राजदूतों, बौद्ध भिक्षुओं, भिक्षुणियों एवं उपासकों को आमंत्रित कर मंगल पाठ, संघदान, भोजन दान जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है।
इस वर्ष कार्यक्रम की एक विशेष उपलब्धि के रूप में संस्था द्वारा धम्म ध्वज की स्थापना का ऐतिहासिक कार्य किया जा रहा है, जो अपने आप में विश्व का प्रथम ध्वज होगा। यह ध्वज भविष्य में जनपद बलरामपुर को बौद्ध पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
बताया कि यह भव्य आयोजन न केवल आध्यात्मिक चेतना को सुदृढ़ करेगा, बल्कि भारत एवं बौद्ध देशों के मध्य सांस्कृतिक, आध्यात्मिक एवं कूटनीतिक संबंधों को और अधिक प्रगाढ़ बनाने में भी सहायक सिद्ध होगा। कार्यक्रम की तैयारियों के संदर्भ में यह भी उल्लेखनीय है कि धम्म स्थली तक पहुंचने वाले मार्गों की स्थिति अत्यंत जर्जर एवं दयनीय है।
धम्म स्थली तक आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही, बिजली विभाग करीब तीन वर्ष पूर्व केवल कनेक्शन दिया गया, किंतु आज तक नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की गई है।
प्रत्येक वर्ष अधिशासी अभियंता द्वारा केवल आश्वासन ही दिया जाता रहा है, परंतु समस्या का स्थायी समाधान अब तक नहीं हो सका है। कार्यक्रम में एक दिन ही बचा है, लेकिन अभी तक सड़क और बिजली तारों को सही नहीं किया गया है। इन कमियों के बीच फाउंडेशन ने कार्यक्रम की तैयारी शुरू कर दी है।
