विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बलरामपुर में सक्रिय महिला चोर गिरोह, लाखों के जेवर चोरी; एक गिरफ्तार

Published: Sun, 12 Apr 2026 04:35 PM (IST)

बलरामपुर में महिला चोरों का एक गिरोह सक्रिय है, जो आभूषण की दुकानों को निशाना बना रहा है। ग्राहक बनकर ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. बलरामपुर में महिला चोरों का गिरोह आभूषण की दुकानों को निशाना बना रहा है।

  2. दो घटनाओं में लाखों के जेवर चोरी हुए, एक महिला चोर गिरफ्तार।

  3. पुलिस ने दुकानदारों को सतर्क रहने और सावधानी बरतने की सलाह दी।

जागरण संवाददाता, बलरामपुर। शहर में महिला चोरों का गिरोह सक्रिय है। इनके निशाने पर आभूषण की दुकानें हैं। महिलाएं ग्राहक बनकर दुकान में घुसती हैं। इसके बाद दुकानदाराें को बातों में उलझाकर इतनी सफाई से हाथ साफ करती हैं, कि किसी को संदेह नहीं होता।

चाेरी की जानकारी तब हो पाती है, जब उनके जाने के बाद आभूषण का मिलान होता है। बीते एक सप्ताह में नगर के नया पड़ाव व हरिहरगंज बाजार में दिनदहाड़े आभूषण चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। नगर में चोरी करने वाली महिला की पहचान कर पुलिस ने 12 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया।

केस एक: सात अप्रैल। देहात कोतवाली के हरिहरगंज-ललिया मार्ग स्थित सराफा की दुकान से खरीदारी के बहाने दो युवतियों ने 1.82 लाख रुपये के आभूषण पार कर दिए। पीड़ित सराफा व्यापारी पहलवारा निवासी वीरेंद्र गुप्त की तहरीर पर पुलिस ने दाे अज्ञात युवतियों के विरुद्ध केस दर्ज किया।

पीड़ित वीरेंद्र गुप्त ने बताया कि दोपहर लगभग 12.50 बजे दुकान पर दो युवतियां आईं। खरीदारी करने के बहाने दुकान पर सोने-चांदी के आभूषणों को देखा। इसी बीच ध्यान भटकाकर 4.25 ग्राम सोने की झुमकी, 1.58 ग्राम सोने की अंगूठी, 2.5 ग्राम सोने की एक बाली, 2.35 ग्राम सोने की माला व 2.3 ग्राम सोने का झाला दुकान से पार कर दिया।

पूरा सामान एक लाख 81 हजार 720 रुपये का है, जो चोरी हो गया है। उनके जाने के बाद मिलान किया, तो ये आभूषण गायब थे। सीसी कैमरा की फुटेज के आधार पर पुलिस युवतियों की तलाश कर रही है।

केस दो: चार अप्रैल। नगर के नया पड़ाव स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर के पास स्थित प्रतीक ज्वैलर्स की दुकान पर आभूषण खरीदने के बहाने आई महिला ने दिनदहाड़े सोने की बालियां पार कर दी। महिला ने बड़ी सफाई से करीब 9.480 ग्राम सोने की बालियों का डिब्बा उठा लिया और बिना किसी को भनक लगे मौके से निकल गई।

सराफा व्यापारी प्रतीक सिंघल की तहरीर पर नगर कोतवाली की पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरी करने वाली महिला को 12 घंटे में गिरफ्तार कर लिया।

महिला की पहचान विशुनापुर फुलवरिया बाईपास निवासी काजल पुत्री असगर अली के तौर पर हुई। उसके पास से चोरी की बालियां बरामद कर ली गई हैं। आभूषण विक्रेता ने बताया कि महिला ने संदेह से बचने के लिए जाते समय दुकान के क्यूआर कोड पर 200 और 500 रुपये का भुगतान भी किया था।

आभूषण विक्रेता अपनी दुकान पर आने वाले पुरुषों एवं महिलाओं दोनों से सतर्क रहें। आभूषण दिखाने के दौरान विशेष सावधानी बरतें। साथ ही ई-रिक्शा व टैक्सी आदि पर भी लोग अपने सहयात्रियों से सावधानी रखें। जल्द ही चोरी करने वाले गिरोह का अनावरण किया जाएगा।

-विकास कुमार, पुलिस अधीक्षक