बलरामपुर में सरकारी भवनों में चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, पुलिस ने छह को किया गिफ्तार
बलरामपुर पुलिस ने परिषदीय विद्यालयों और पंचायत भवनों में चोरी करने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ...और पढ़ें

पांच आरोपित देहात के कुल्हई गांव व एक खरगूपुर गोंडा के तिवारीपुरवा का रहने वाला।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, बलरामपुर। परिषदीय विद्यालयों व पंचायत भवन समेत अन्य स्थानों पर चोरी करने वाले बड़े गिरोह का अनावरण देहात कोतवाली पुलिस ने किया है। पुलिस ने गिरोह में शामिल छह लोगों की गिरफ्तारी की है। चोरों की पहचान देहात कोतवाली के कुल्हई गांव निवासी श्रवण उर्फ कृष्ण मोहन पांडेय, नीरज शुक्ल, वीरू उर्फ दीप नारायण पांडेय, सचिन पांडेय, बब्लू पांडेय व गोंडा के खरगूपुर थाना स्थित तिवारीपुरवा गांव निवासी विवेक कुमार तिवारी के तौर पर हुई है।
आरोपितों के पास से क्विड कार, बिना नंबर प्लेट की बजाज सीटी-100 मोटरसाइकिल, एक एलईडी मानीटर, सात एलसीडी मानीटर, एक एलईडी टीवी, पांच कंप्यूटर सीपीयू, पांच कीबोर्ड, चार माउस, दो प्रिंटर, इन्वर्टर, छह बैट्री, पांच सोलर पैनल, चार सीसी कैमरे, डीवीआर, वाईफाइ डिवाइस समेत भारी मात्रा में घरेलू एवं व्यावसायिक सामान बरामद किया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडेय ने बताया कि देहात कोतवाली क्षेत्र में चोरी की शिकायतें लगातार बढ़ रही थीं। बीते 17 जनवरी को प्राथमिक विद्यालय अड़ारपाकड़ के प्रधानाचार्य प्रबल कुमार ने स्कूल से एलसीडी, पानी का मोटर, सीसी कैमरा, स्पीकर आदि चोरी होने की तहरीर दी थी। आठ फरवरी को गंगापुर बांकी की प्रधान मायावती ने पंचायत भवन में रखे कंप्यूटर, वाईफाइ, प्रिंटर आदि चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई।
11 फरवरी को प्राथमिक विद्यालय कलंदरपुर की सहायक अध्यापक आरती गुप्ता ने स्कूल से एलसीडी व यूपीएस चोरी हो जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई। इससे पूर्व 30 जनवरी को फुलवरिया बाईपास चौराहा निवासिनी दुरपता देवी ने उनके निर्माणाधीन मकान से अल्टीनेटर, टुल्लू पंप आदि चोरी होने का प्रार्थना पत्र दिया था। 22 नवंबर 2025 को प्राथमिक विद्यालय बहादुरपुर की सहायक अध्यापक कुसुम पांडेय ने स्कूल से थाली, सिलेंडर, पानी का मोटर, दो बैट्री व इन्वर्टर चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। प्रभारी निरीक्षक गिरजेश तिवारी बीते 12 फरवरी की रात वाहन चेकिंग अभियान चलाया।
मुखबिर की सूचना पर एक क्विड कार वाहन संख्या यूपी 50 डीसी 4576 को रोका। कार में सवार श्रवण उर्फ कृष्ण मोहन पांडेय व नीरज शुक्ल को गिरफ्तार किया गया। वाहन की तलाशी लेने पर भारी मात्रा में चोरी का इलेक्ट्रानिक सामान बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपितों ने अपने अन्य साथियों सचिन पांडेय, बब्लू पांडेय, विवेक कुमार तिवारी व वीरू उर्फ दीप नारायण पांडेय के साथ मिलकर चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस टीम ने गंगापुर बांकी गांव के बाहर एक खंडहरनुमा मकान से बरामद किया। अन्य चारों की गिरफ्तारी भी की गई।
सीसीटीवी कैमरे तोड़ करते थे चोरी
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे सरकारी भवन जैसे सरकारी प्राइमरी स्कूल, पंचायत भवन जैसे स्थानों को चिन्हित करते थे, जहां कोई निवास नहीं करता है। चोरी करने से पहले सरकारी भवनों के सीसी कैमरों को तोड़ डीवीआर खोल लेते थे। डीवीआर मे लगी हार्ड डिस्क को तोड़कर अलग कर सारा डाटा डिलीट कर देते थे। चोरी का सामान खंडहरनुमा मकान में रखते थे। चोरी के दौरान किसी भी वाहन का प्रयोग नहीं करते थे।
श्रवण पर दर्ज हैं चार मुकदमे
एएसपी ने बताया कि आरोपित श्रवण उर्फ कृष्ण मोहन पांडेय का आपराधिक इतिहास है। उसके विरुद्ध सिद्धार्थनगर के त्रिलोकपुर में एक व गोंडा के इटियाथोक थाना में तीन मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
यह भी पढ़ें- रेल मंत्री से मिले श्रावस्ती पूर्व सांसद दद्दन मिश्रा, बहराइच-खलीलाबाद रेल परियोजना को लेकर हुई चर्चा
