Balrampur News: शादी हुए साल भी पूरा नहीं हुआ कि महिला आरक्षी ने कर ली आत्महत्या, पति का प्रेम प्रसंग बना कारण
कमरे में मिले सुसाइड नोट से उसके आत्महत्या के कारणों का पता चला है। पुलिस ने पति आजमगढ़ जिले में तैनात आरक्षी विजय कुमार यादव व वहीं की रहने वाली महिला मित्र के खिलाफ मुकदमा लिखा है। वहीं मंगलवार शाम को विजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है।
बलरामपुर, जागरण संवाददाता। पति के प्रेम प्रसंग से तंग आकर महिला आरक्षी कोकिला यादव ने पंखे से फांसी लगाकर जान दे दी। संतकबीर नगर के थाना बखिरा के ग्राम बौर व्यास निवासी महिला आरक्षी कोकिला यादव (28) जिले के गैंड़ासबुजुर्ग थाने में तैनात थी। सोमवार आधी रात के बाद महिला आरक्षी का शव उसके कमरे के अंदर फंदे के सहारे पंखे से लटकता मिला।
कमरे में मिले सुसाइड नोट से उसके आत्महत्या के कारणों का पता चला है। पुलिस ने पति आजमगढ़ जिले में तैनात आरक्षी विजय कुमार यादव व वहीं की रहने वाली महिला मित्र के खिलाफ मुकदमा लिखा है। वहीं मंगलवार शाम को विजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है।
बीते साल ही हुई थी शादी
मृतका के पिता जवाहर लाल यादव ने बताया कि बेटी की शादी बगल के गांव लालाजोत नरायणपुर निवासी विजय यादव के साथ 20 नवंबर 2021 में की थी। शादी के बाद बेटी को पति का किसी दूसरी महिला के साथ संबंध होने की बात पता चली। इसे लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद होता था।
बीते बुधवार से थी ज्यादा परेशान
पिछले बुधवार को विजय उसके पास आया था। उसके बाद से वह और परेशान हो गई थी। सोमवार रात में भी विजय ने कोकिला को फोन मिलाया। कई बार काल करने पर भी जवाब न मिलने पर विजय ने सामने रहने वाली आरक्षियों को फोन किया।
दरवाजा तोड़ा तो देखा पंखे से लटका शव
महिला आरक्षियों ने कोकिला के कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर कोई हलचल नहीं हुई। इस पर सिपाहियों ने थाने में सूचना दी। प्रभारी निरीक्षक गौरव सिंह तोमर आरक्षियों के साथ दरवाजा तोड़ कर अंदर दाखिल हुए। देखा की कोकिला का शव फंदे के सहारे पंखे से लटका हुआ है। जांच शुरू हुई तो मौके पर सुसाइड नोट पाया गया।
पति और उसकी महिला मित्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज
पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सक्सेना ने बताया कि रात करीब 1.30 बजे महिला आरक्षी का शव मिला। सुसाइड नोट में उसने अपने पति के प्रेम प्रसंग का जिक्र किया है। पति के महिला मित्र का नाम श्रेया लिखा है।
मृतका के पिता की तहरीर पर विजय कुमार यादव व उसकी महिला मित्र जो कि आजमगढ़ की रहने वाली है, के खिलाफ केस दर्ज किया है। पति को गिरफ्तार कर लिया गया है।