बलरामपुर: NCC कैडेट्स ने 'ऑपरेशन सिंदूर' की जमकर की तारीफ, राष्ट्रीय सुरक्षा पर साझा किए विचार
महारानी लाल कुंवरि महाविद्यालय में 51वीं बटालियन के निर्देशन में 'कैप्टन मनोज पांडेय मेमोरियल निबंध लेखन' प्रतियोगिता आयोजित हुई।

145 एनसीसी कैडेट्स ने भारत की आंतरिक-बाह्य सुरक्षा और 'आपरेशन सिंदूर' जैसे विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
HighLights
महारानी लाल कुंवरि महाविद्यालय में एनसीसी निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
145 कैडेट्स ने भारत की आंतरिक-बाह्य सुरक्षा पर विचार व्यक्त किए।
'आपरेशन सिंदूर' और युवाओं की भूमिका पर निबंध लिखे गए।
जागरण संवाददाता, बलरामपुर। महारानी लाल कुंवरि महाविद्यालय में संचालित एनसीसी इकाई की ओर से शुक्रवार को 51वीं बटालियन के निर्देशन में ‘कैप्टन मनोज पांडेय मेमोरियल निबंध लेखन’ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें 145 कैडेट्स ने अपने विचार लिखे।
महाविद्यालय के एसोसिएट एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डा. देवेन्द्र कुमार चौहान के संयोजकत्व में हुई प्रतियोगिता में कैडेट्स को ‘भारत की आंतरिक और वाह्य सुरक्षा को मजबूत करने में युवाओं की भूमिका’ अथवा ‘आपरेशन सिंदूर : आतंकवाद के खिलाफ भारत का जवाब’ विषय में से किसी एक पर हिंदी या अंग्रेजी में अपने विचार लिखने थे। कार्यक्रम अध्यक्ष प्राचार्य प्रो. जेपी पांडेय ने कहा कि यह वर्दी केवल एक परिधान नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और मातृभूमि के प्रति सर्वोच्च समर्पण का प्रतीक है।
जब भी हमारे देश की अखंडता और निर्दोष नागरिकों की सुरक्षा पर आंच आती है, तो हमारी सेनाएं कैसे जवाब देती हैं, ''आपरेशन सिंदूर'' उसका सबसे सटीक उदाहरण है। कहा कि आपरेशन सिंदूर ने दुनिया को यह स्पष्ट संदेश दे दिया है कि भारत अब परमाणु ब्लैकमेलिंग से डरने वाला नहीं है और आतंकवाद को प्रायोजित करने वालों को घर में घुसकर जवाब दिया जाएगा।
प्रतियोगिता के निर्णायक डा. बीएल गुप्त व मनीषा तिवारी ने भारत की आंतरिक और वाह्य सुरक्षा को मजबूत करने के में युवाओं की भूमिका के बारे में जानकारी दी। एक्स सीनियर कैडेट वीरेंद्र कुमार, अखिलेश्वर मिश्र ,सीनियर कैडेट आदित्य स्वरूप पांडेय, अर्जुन, निर्मला यादव, रितु, अभया पांडेय आदि का सराहनीय योगदान रहा।