बलरामपुर में गाय पालने पर 32 किसानों को मिला पुरस्कार, देसी नस्ल की गायें बना रहीं अमीर
बलरामपुर में नंद बाबा दुग्ध मिशन और मुख्यमंत्री गो-संवर्धन योजना से पशुपालक आत्मनिर्भर बन रहे हैं। उन्नत नस्ल की गायों से दूध उत्पादन बढ़ाकर किसान अच्छी आय अर्जित कर रहे हैं और पुरस्कार भी जीत रहे हैं।

रेहराबाजार के बूधीपुर में गाेपालन करतीं सोनी शर्मा -सौ. विभाग
HighLights
नंद बाबा दुग्ध मिशन से पशुपालन को मिल रहा बढ़ावा।
मुख्यमंत्री गो-संवर्धन योजना से 32 पशुपालकों को लाभ।
देसी गायों से दूध उत्पादन बढ़ा, किसानों की आय में वृद्धि।
चंद्रभूषण शुक्ल, बलरामपुर। नंद बाबा दुग्ध मिशन योजना के तहत जनपद में पशुपालन का विस्तार किया जा रहा है। पशुपालन के साथ ही दुग्ध उत्पादन कर किसान आत्मनिर्भर बन रहे हैं। विगत तीन वर्षों में 32 पशुपालकों को मुख्यमंत्री गो-संवर्धन योजना का लाभ मिला है। यह पशुपालक ऐसे हैं, जो प्रदेश को दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने के संकल्प में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं।
जिले में दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इनमें नंद बाबा दुग्ध मिशन सबसे प्रमुख है। इस मिशन का उद्देश्य स्वदेशी गायों का संरक्षण, नस्ल सुधार, दूध उत्पादन में वृद्धि और पशुपालकों की आय बढ़ाना है। मिशन के तहत पशुपालकों को उन्नत नस्ल की गायों के पालन, कृत्रिम गर्भाधान, टीकाकरण, चारा प्रबंधन और पशु स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी जा रही है।
मुख्यमंत्री गो-संवर्धन योजना क तहत स्वदेशी गायों की इकाई स्थापित करने पर अनुदान दिया जाता है। पशुपालक दो, चार या अधिक गायों की इकाई लगाकर डेयरी शुरू कर सकते हैं। योजना में बैंक से ऋण की सुविधा के साथ ही अनुदान का लाभ भी मिलता है, जिससे गरीब व मध्यम वर्ग के किसानों के लिए डेयरी खोलना आसान हुआ है। मुख्यमंत्री प्रगतिशील पशुपालक प्रोत्साहन योजना है। इसमें स्वदेशी गायों को पालने वाले पशुपालकों को आर्थिक मदद दी जाती है। अधिक दूध देने वाली स्वदेशी गाय पालने पर प्रोत्साहन राशि दी जाती है, ताकि किसान देसी नस्लों की ओर लौटें।
दुग्ध उत्पादन से मिला नंदबाबा पुरस्कार
सदर ब्लाक के अभिमन्यु पांडेय बताते हैं कि पहले एक देसी गाय थी, जिससे मुश्किल से तीन लीटर दूध मिलता था। दो वर्ष पहले उन्होंने मुख्यमंत्री गो-संवर्धन योजना से दो साहीवाल गायों की इकाई लगाई। विभाग से प्रशिक्षण और अनुदान मिलने के बाद वैज्ञानिक तरीके से पशुपालन शुरू किया। आज उनके पास चार गायें हैं, जिनसे प्रतिदिन 35 लीटर से अधिक दूध मिल रहा है। दूध को गांव की डेयरी और सहकारी समिति पर बेचकर उन्हें महीने में 25 हजार रुपये से अधिक की आय हो रही है। पांच हजार लीटर से अधिक दूध की बिक्री करने पर इसी वर्ष नंदबाबा पुरस्कार से सम्मान भी मिला है।
गोकुल पुरस्कार से सम्मानित हुए राजेश
रघवापुर के राजेश शुक्ल बताते हैं कि कई वर्षों से गोपालन कर रहे हैं। दुग्ध समिति रंजीतपुर के सदस्य हैं। पराग डेयरी में दूध की बिक्री करते हैं। पांच गायों से वर्ष में सात हजार लीटर से अधिक दूध का उत्पादन किया है। इस पर विभाग से पिछले दो वर्षों से गोकुल पुरस्कार के तहत 51 हजार मिला है। अच्छा दुग्ध उत्पादन पर पिछले वर्ष भी यह पुरस्कार मिला था। अब खेती के साथ डेयरी से ही बच्चों की पढ़ाई और घर का खर्च चल रहा है। इन पशुपालकों की सफलता से अन्य किसान भी प्रेरित हो रहे हैं।
इन लाभार्थियों का हुआ चयन
नंदबाबा योजना में ललिता शुक्ला, आनंद प्रताप सिंह, ऊषा मिश्रा, कमलेश वर्मा, सोनी शर्मा, दीप्ति यादव, शीला सिंह, शांति देवी, शिवशंकर तिवारी, अमित कुमार मिश्र, सुशीला देवी, रीना देवी का चयन किया गया है। इन्हें दो गायों की खरीद करने पर 80 हजार रुपये अनुदान के रूप में मिले हैं।
तीन वर्ष में नंद बाबा योजना के तहत 32 किसानों को स्वदेशी नस्ल की गाय पालने के लिए लाभान्वित किया गया है। योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जा रहा है। -सनी पाल, वरिष्ठ दुग्ध निरीक्षक
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।