बलरामपुर में सड़क हादसा: कार ने दो बाइक को मारी टक्कर, दंपती समेत तीन की मौत
बलरामपुर में उतरौला-बलरामपुर मार्ग पर एक तेज रफ्तार कार ने दो बाइकों को टक्कर मार दी, जिसमें एक दंपती समेत ...और पढ़ें

कार की टक्कर से दंपती समेत तीन की मौत।
HighLights
बलरामपुर में कार-बाइक टक्कर से तीन लोगों की मौत।
दंपती समेत तीन की मौत, कई अन्य गंभीर रूप से घायल।
गंभीर घायलों को लखनऊ और बहराइच इलाज हेतु भेजा गया।
जागरण संवाददाता, बलरामपुर। उतरौला-बलरामपुर मार्ग स्थित पुरैनाजाट गांव के पास नवाब भट्ठे के सामने दो बाइकों की तेज रफ्तार कार से सामने से टक्कर हो गई। दुर्घटना में बाइक सवार पचौथा गांव निवासी 61 वर्षीय पांचू राम एवं उनकी पत्नी 58 वर्षीय बड़का की घटनाथल पर ही मौत हो गई।
दूसरी बाइक पर सवार बासूपुर चायडीह निवासी 63 वर्षीय प्यारेलाल ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पीछे बैठी उनकी 27 वर्षीय पुत्री कल्पना गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे लखनऊ रेफर किया गया है। कार में सवार नई दिल्ली निवासी 23 वर्षीय आमिर एवं 22 वर्षीय कामिल घायल हो गए, जिन्हें बहराइच रेफर किया गया है।
पचौथा गांव निवासी पांचू राम अपनी पत्नी बड़का को बाइक पर बैठाकर उतरौला की तरफ आ रहे थे। उनके बगल में ही दूसरी बाइक पर प्यारे लाल अपनी बेटी कल्पना को बैठाए चल रहे थे। इधर स्विफ्ट कार में सवार पांच लोग बलरामपुर की तरफ जा रहे थे।
रास्ते में पुरैनाजाट स्थित नवाब भट्ठे के पास दोनों बाइक आगे-पीछे होने के चक्कर में अनियंत्रित हो गईं और सामने से आ रही कार में जा भिड़ीं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार पांचू राम व बड़का की मौके पर ही मौत हो गई। प्यारे लाल, कल्पना एवं कार सवार आमिर व कामिल घायल हो गए।
प्रभारी निरीक्षक अवधेश राज सिंह ने टीम के साथ सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालत नाजुक देखते हुए प्यारेलाल और उनकी पुत्री कल्पना, कार सवार आमिर व कामिल को संयुक्त जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। यहां उपचार के दौरान प्यारेलाल ने दम तोड़ दिया।
गंभीर रूप से घायल कल्पना काे लखनऊ एवं आमिर व कामिल को बहराइच रेफर किया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडेय ने बताया कि लखनऊ एवं बहराइच में घायलों का उपचार चल रहा है। आमिर व कामिल बेहाेशी की हालत में थे, इसलिए उनके पूरे पते, व्यवसाय आदि की जानकारी अभी नहीं हो सकी है। कार का नंबर नई दिल्ली का है।
