विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

UP के बलरामपुर में हिंसा की शिकार 219 महिलाओं और लड़कियों को मिली ₹8.16 करोड़ की मदद

Published: Wed, 18 Nov 2026 05:36 PM (GMT+05:30)

बलरामपुर में रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष योजना के तहत 219 पीड़ित महिलाओं और बालिकाओं को ₹8.16 करोड़ की आर्थिक सहायता मिली है।

जिला प्रोबेशन अधिकारी कार्यालय में काम करते कर्मचारी - जागरण

जिला प्रोबेशन अधिकारी कार्यालय में काम करते कर्मचारी - जागरण

HighLights

  1. रानी लक्ष्मीबाई योजना से 219 महिलाओं को मिली सहायता।

  2. पीड़ितों को कुल ₹8.16 करोड़ की आर्थिक मदद मिली।

  3. दहेज हत्या, दुष्कर्म, एसिड अटैक पीड़ितों को लाभ।

संवाद सूत्र, बलरामपुर। पीड़ित महिलाओं को सहायता देने वाली रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष योजना के तहत अब तक 219 महिलाओं को सम्मान राशि मिल चुकी है। प्रोबेशन विभाग को कुल 595 आवेदन मिले। जिला संचालन समिति के सत्यापन में 351 आवेदन अपात्र पाए गए और निरस्त कर दिए गए। समिति ने 243 आवेदनों को स्वीकृति दी है। एक मामला सत्यापन के लिए लंबित है, जबकि बाकी 24 पीड़िताओं को जल्द राशि दिलाने की बात अधिकारियों ने कही है।

क्या है योजना?

योजना के तहत हिंसा की शिकार महिलाओं और बालिकाओं को तत्काल आर्थिक एवं चिकित्सीय सहायता, इलाज और क्षतिपूर्ति दी जाती है। विभिन्न न्यायालयों में अपराध की पीड़ित महिलाओं को भी कोष से सुविधाएं मिलती हैं। आर्थिक सहायता एक लाख से 10 लाख रुपये तक है। पीड़िताओं को निश्शुल्क चिकित्सा सुविधा दी जाती है। एसिड अटैक के मामलों में सुधारात्मक शल्य चिकित्सा के साथ जरूरत पड़ने पर पीड़िता के नाबालिग बच्चों की शिक्षा और भरण-पोषण की व्यवस्था भी की जाती है।

दहेज हत्या के मामलों में 57 लाख रुपये दिए

जिला संचालन समिति के अनुमोदन के बाद 219 पीड़िताओं को कुल आठ करोड़ 16 लाख रुपये दिए गए। दहेज हत्या के 29 मामलों में तीन लाख रुपये प्रति मामले की दर से 87 लाख रुपये दिए गए। सामूहिक दुष्कर्म के 37 मामलों में सात लाख रुपये प्रति मामले की दर से दो करोड़ 53 लाख रुपये का भुगतान किया गया।

14-दुष्कर्म एक्ट के 109 मामलों में तीन लाख रुपये की दर से तीन करोड़ 25 लाख रुपये और 6-पाक्सो एक्ट के 39 मामलों में तीन लाख रुपये की दर से एक 13 लाख रुपये की क्षतिपूर्ति दी गई। तीन पीड़िताओं की मौत पर 10 लाख रुपये प्रति मामले की दर से 30 लाख रुपये और एसिड अटैक के दो मामलों में आठ लाख रुपये दिए गए। बालिका या महिला की मृत्यु होने पर 10 लाख रुपये की क्षतिपूर्ति का प्रावधान है।

जिला प्रोबेशन अधिकारी सुशील कुमार सिंह ने कहा कि योजना का लाभ अब तक 212 मामलों के पीड़ितों को मिला है। कोतवाली देहात और तुलसीपुर की पीड़िताओं के स्वजन को 10-10 लाख रुपये दिए गए। 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।