अधिवक्ताओं ने किया चक्का जाम, उग्र आंदोलन की चेतावनी
साथी अधिवक्ता पर प्राण घातक हमला करने वाले आरोपित की गिरफ्तारी न होने से अधिवक्ताओं का विरोध प्रदर्शन छठवें दिन भी जारी रहा।
बलरामपुर :
साथी अधिवक्ता पर प्राण घातक हमला करने वाले आरोपित की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शुक्रवार को एनएच 730 पर चक्का जाम कर प्रदर्शन किया। करीब 30 मिनट तक आवागमन बंद रहने से जाम लग गया। वकीलों ने सोमवार तक गिरफ्तारी न होने पर आंदोलन उग्र करने की चेतावनी दी है।
जिला बार संघ अध्यक्ष सत्यदेव तिवारी ने कहाकि अधिवक्ता सूर्य प्रकाश श्रीवास्तव पर पांच जुलाई को दबंगों ने प्राणघातक हमला कर दिया था। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पुलिस ने मामले में मुकदमा तो दर्ज कर लिया था, लेकिन अब तक आरोपित की गिरफ्तारी नहीं की गई है। मामले में कोतवाली देहात की पुलिस सुस्त कार्रवाई कर रही है। जिसके कारण अधिवक्ताओं का विरोध प्रदर्शन जारी है। सिविल बार संघ अध्यक्ष श्रवण कुमार श्रीवास्तव व महामंत्री कमलेश्वर सिंह ने कहाकि आरोपितों की गिरफ्तारी तक आंदोलन जारी रहेगा। आक्रोशित अधिवक्ताओं ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए तहसील गेट के सामने नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया। कलेक्ट्रेट बार संघ अध्यक्ष रामगोपाल पांडेय ने कहाकि सोमवार से आंदोलन तेज कर दिया जाएगा। युवा बार संघ अध्यक्ष दुर्गेंद्र पाठक, महामंत्री देवेश मणि पांडेय, वर्षकार सिंह, राजकुमार श्रीवास्तव, राजकुमार त्रिपाठी, राजेंद्र द्विवेदी, शशिकांत त्रिपाठी, गुड्डू खान, आशुतोष मिश्र, मृगेंद्र उपाध्याय, विवेक सिंह, धीरेंद्र सिंह व रूपेश मिश्र मौजूद रहे।
नहीं किया कार्य :
- प्रदेश बार संघ के आह्वान पर जिले के अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे। महामंत्री कमलेश्वर सिंह ने कहाकि ग्राम न्यायालयों के विरोध में बलरामपुर, उतरौला व तुलसीपुर के अधिवक्ताओं ने शुक्रवार को कार्य नहीं किया।