विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बल‍िया में अतिक्रमण हटाने के दौरान युवक ने किया आत्मदाह का प्रयास, मौके पर हंगामा

By Lavkush Singh Edited By: Abhishek sharma
Published: Sun, 01 Nov 2026 07:22 PM (IST)

बलिया के मनियर में सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने के दौरान एक युवक ने आत्मदाह का प्रयास किया, जिससे मौके ...और पढ़ें

बलिया में अतिक्रमण हटाते समय युवक ने किया आत्मदाह का प्रयास, मचा हंगामा।

बलिया में अतिक्रमण हटाते समय युवक ने किया आत्मदाह का प्रयास, मचा हंगामा।

HighLights

  1. बलिया में अतिक्रमण हटाने के दौरान युवक का आत्मदाह प्रयास।

  2. पुलिस ने युवक को बचाया, अस्पताल में भर्ती कराया गया।

  3. प्रशासन ने कई अतिक्रमण हटाए, पक्के मकानों पर फैसला बाकी।

जागरण संवाददाता, मनियर (बलिया)। मनियर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सरवार ककरघट्टी के गंगापुर गांव में रविवार को सड़क किनारे सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम के सामने उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने आत्मदाह का प्रयास किया। उसने अपने शरीर पर डीजल छिड़कने के साथ ही झोपड़ी में भी आग लगा दी। पुलिस ने तत्काल उसे काबू में कर बचा लिया।

घटना में युवक बेहोश हो गया। स्वजन उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए। तहसीलदार बांसडीह नितिन कुमार सिंह के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम बुलडोजर लेकर अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। कार्रवाई के दौरान अतिक्रमणकारियों और टीम के बीच कहासुनी हो गई। इसी बीच मांगुर गोंड़ के पुत्र डब्लू गोंड़ ने आत्मदाह का प्रयास किया। घटना की सूचना पर एसडीएम बांसडीह पुष्कर मिश्रा, सीओ जयशंकर मिश्रा और कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई।

प्रशासन ने गांव में कई लोगों के अतिक्रमण वाले हिस्सों को हटाया। हालांकि, पक्के मकानों को फिलहाल नहीं गिराया गया। एसडीएम पुष्कर मिश्र ने बताया कि शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रभावित लोगों को मुआवजा और पुनर्वास की व्यवस्था करने के बाद पक्के मकानों को हटाकर जमीन अतिक्रमण मुक्त कराई जाएगी। राजन लाल श्रीवास्तव की अपील पर हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में यह कार्रवाई की गई।

नवीन कृषि मंडी से हटाया अतिक्रमण
नवीन कृषि मंडी समिति परिसर बेल्‍थरारोड में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ रविवार को मंडी प्रशासन ने अभियान चलाया। इस दौरान बुलडोजर से अतिक्रमण हटाया गया। हालांकि, कार्रवाई शुरू होने से पहले ही अधिकांश दुकानदारों ने अपना अतिक्रमण स्वयं हटा लिया था। मंडी समिति के निदेशक के निर्देश पर 26 अक्टूबर को अतिक्रमणकारियों को तीन दिन के भीतर कब्जा हटाने की नोटिस दी गई थी। इसके बावजूद कई दुकानदारों ने अतिक्रमण नहीं हटाया। इसके बाद रविवार को मंडी सचिव अतुल कश्यप के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई शुरू की। उभांव थाने के अपराध निरीक्षक विजय यादव, तुंगुनिया चौकी प्रभारी अश्विनी मिश्रा भी मौजूद रहे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।