विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी में श्रमिकों की पहचान में अब नहीं चलेगी मनमानी, बलिया में बायोमेट्रिक हाजिरी और ई-केवाईसी अनिवार्य

Published: Sun, 27 Sep 2026 03:48 PM (IST)

उत्तर प्रदेश में 'विकसित भारत जी राम जी योजना' के तहत कुशल और अर्धकुशल श्रमिकों की पहचान व भुगतान प्रक्रिया अब डिजिटल निगरानी में होगी।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. श्रमिकों की पहचान और भुगतान प्रक्रिया डिजिटल निगरानी में।

  2. बायोमीट्रिक हाजिरी और ई-केवाईसी अनिवार्य किया गया।

  3. फर्जी उपस्थिति और गलत भुगतान पर लगेगी रोक।

जागरण संवाददाता, नवानगर (बलिया)। विकसित भारत जी राम जी योजना में कुशल और अर्धकुशल श्रमिकों की पहचान और पंजीकरण में अब मनमानी नहीं चलेगी। श्रमिकों के पंजीकरण से लेकर मजदूरी भुगतान तक की पूरी प्रक्रिया डिजिटल निगरानी में होगी।

इसके लिए ग्राम्य विकास आयुक्त ने सभी जिलाधिकारियों और जिला कार्यक्रम समन्वयकों को मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का कड़ाई से अनुपालन कराने के निर्देश दिए हैं।

श्रमिकों की पहचान, कौशल सत्यापन, ई-केवाईसी, बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण, डिजिटल मस्टर रोल और दैनिक बायोमेट्रिक उपस्थिति को प्रक्रिया का अनिवार्य हिस्सा बनाया गया है।

पूर्व से पंजीकृत ग्रामीण रोजगार गारंटी कार्ड धारकों का भी सत्यापन कर उन्हें उपयुक्त श्रेणी में मैप किया जाएगा। सत्यापन के बाद श्रमिक को नया परिचालन पंजीकरण नंबर मिलेगा, जो उसके मूल कार्ड से जुड़ा रहेगा।

दैनिक बायोमेट्रिक उपस्थिति और डिजिटल मस्टर रोल लागू होने से श्रमिकों की उपस्थिति और मजदूरी भुगतान को सीधे डिजिटल निगरानी तंत्र से जोड़ा गया है। इससे फर्जी उपस्थिति दर्ज करने और गलत श्रेणी में मजदूरी भुगतान करने की आशंका पर अंकुश लगाने का प्रयास किया गया है।

ग्राम्य विकास आयुक्त ने सभी जिलाधिकारियों और जिला कार्यक्रम समन्वयकों को निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का कड़ाई से अनुपालन कराने का निर्देश दिया है। खंड विकास अधिकारी नवानगर विनोद कुमार बिंद ने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुसार कुशल और अर्धकुशल श्रमिकों का सत्यापन पारदर्शी तरीके से कराया जाएगा।

ग्राम रोजगार सेवक और पंचायत सचिव श्रमिक की योग्यता, अनुभव और कार्यकुशलता के आधार पर विवरण दर्ज करेंगे। बिना प्रमाण के श्रेणी परिवर्तन नहीं होने दिया जाएगा। ई-केवाईसी, बायोमेट्रिक उपस्थिति और डिजिटल मस्टर रोल की प्रक्रिया का भी कड़ाई से पालन कराया जाएगा।

यह भी पढ़ें- मुरादाबाद में 80% पूरा हुआ गागन नदी पर बने नए पुल का काम, दिसंबर से दौड़ेंगी गाड़ियां