बलिया में भैंस बांधने को लेकर दो महिलाओं की पिटाई, उपचार के दौरान एक ही मौत, पांच गिरफ्तार
बलिया के गड़वार क्षेत्र में भैंस बांधने को लेकर हुए पुश्तैनी जमीन विवाद में एक महिला की इलाज के दौरान ...और पढ़ें

बलिया में भैंस बांधने के जमीन विवाद में महिला की मौत पांच गिरफ्तार।
HighLights
भैंस बांधने को लेकर पुश्तैनी जमीन पर हुआ विवाद।
मारपीट में घायल महिला की इलाज के दौरान हुई मौत।
प्रशासन के आश्वासन पर पांच आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी।
जागरण संवाददाता, बलिया। गड़वार क्षेत्र के नगर पंचायत रतसड़ कला के वार्ड नंबर चार स्थित पूरब मोहल्ला राजभर बस्ती में पुश्तैनी जमीन पर भैंस बांधने को लेकर विवाद में मारपीट के दौरान घायल महिला की उपचार के दौरान शुक्रवार को मौत हो गई। स्वजन शव दरवाजे पर रख विरोध जताने लगे। करीब छह घंटे तक विरोध जारी रहा रहा।
उपजिलाधिकारी गोपेश तिवारी व क्षेत्राधिकारी सतीश शर्मा के समझाने के बाद स्वजन पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए। अधिकारियों ने स्वजन को विवादित जमीन पर झोपड़ी लगाने, मृतका के स्वजन को नगर पंचायत में संविदा पर नौकरी, मुकदमे में उचित धाराएं बढ़ाकर आरोपितों की गिरफ्तारी व नाबालिग बच्चों को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत लाभ दिलाने का आश्वासन दिया। चार थानों की फोर्स तैनात रही।
हीरालाल राजभर की तहरीर पर पड़ोस के 12 पुरुष व पांच महिलाओं समेत 17 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं पुलिस ने मामले में आरोपित 60 वर्षीय देवनाथ राजभर, 24 वर्षीय नितेश कुमार राजभर, 22 वर्षीय कृष्णा कुमार समेत 50 वर्षीय सरस्वती देवी पत्नी प्रेमचन्द्र राजभर व 58 वर्षीय चंदा देवी पत्नी देवनाथ राजभर को गिरफ्तार कर लिया।
तहरीर के मुताबिक 10 नवंबर को हीरालाल की पत्नी आशा देवी पुश्तैनी जमीन पर भैंस बांधने गई थीं। आरोप है कि वहां पहले से लाठी-डंडों से लैस पड़ोसी रंजीत राजभर, देवनाथ राजभर, रामशीष, राजकुमार, प्रिंस, नितेश, आदित्य, छोटू राजभर, कृष्णा, राजन, निरंजन, गोलू, सपना, सालू, सरिता, सरस्वती और चंदा मौजूद थे। आशा देवी के पहुंचते ही अभद्र टिप्पणियां करने लगे। विरोध करने पर आरोपितों ने उन पर हमला कर दिया।
जान बचाकर आशा देवी घर की ओर भागीं तो आरोप है कि हमलावर जबरन घर में घुस गए और वहां भी पिटाई करने लगे। बीच-बचाव करने पहुंचीं निराशा देवी पत्नी हरेंद्र राजभर, सोनी देवी पत्नी छोटेलाल और खुशी पुत्री छोटेलाल को भी मारपीट कर जमीन पर गिरा दिया गया। आरोप है कि हमलावरों ने घर में रखे दैनिक उपयोग के सामान को इधर-उधर फेंककर क्षतिग्रस्त कर दिया तथा थाली, लोटा और गिलास सहित कुछ बर्तन उठाकर अपने साथ ले गए।
घटना की सूचना पर प्रशासन के पहुंचने के बाद मामला शांत हुआ। निराशा को गंभीर चोट आने पर उन्हें उपचार के लिए मऊ के हेरिटेज नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान शुक्रवार को मौत हो गई। क्षेत्राधिकारी नगर सतीश कुमार शर्मा ने दो महिलाओं समेत पांच को गिरफ्तार किया गया है। सभी 17 आरोपितों पर हत्या के प्रयास, जानबूझकर चोट पहुंचाने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके अलावा शुक्रवार को बीएनएस 105, गैर इरादत हत्या की धारा बढ़ाई गई है। शेष अन्य आरोपित की तलाश की जा रही है।
पिछले एक पखवारे से चल रहा था विवाद, प्रशासन पर लापरवाही का आरोपहीरालाल ने आरोप लगाया कि विवादित जमीन पर उनकी झोपड़ी थी, जिसे दुर्गा पूजा पंडाल के लिए पुलिस-प्रशासन ने हटवा दिया था। इसके बाद से परिवार लगातार झोपड़ी लगाने के लिए चक्कर काट रहा था पर समाधान नहीं हुआ।
आरोप है कि विपक्षी विवादित जमीन पर बकरी बांधकर कब्जा करने का प्रयास कर रहा था जिसे रोक दिया गया था। यह विवाद पिछले एक पखवारे से चल रहा था। स्वजन का कहना है कि यदि प्रशासन ने समय रहते गंभीरता से लिया होता तो शायद यह घटना नहीं होती। पीड़ित का आरोप है कि प्रशासन के हस्तक्षेप के बावजूद विपक्षी लगातार परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे थे। यही नहीं, उनके मकान पर ईंट-पत्थर भी फेंके जा रहे थे।
बड़ी बेटी का छह दिसंबर को तिलक था, 11 दिसंबर को आने वाली थी बरातहीरालाल के मुताबिक छोटे भाई हरेंद्र राजभर बेंगलुरु में श्रमिक हैं। उनके पत्नी के निधन की सूचना दे दी गई है। वह शनिवार शाम तक बलिया आ जाएंगे। मृतक निराशा देवी की बड़ी बेटी अनीता की शादी इसी वर्ष तय थी।
स्वजन के मुताबिक छह दिसंबर को तिलक था और 11 दिसंबर को बरात आने वाली थी। इसके लिए सामान भी धीरे-धीरे खरीदककर एकत्रित किया जा रहा था लेकिन मां के निधन से पूरा परिवार टूट गया। निराशा के दो नाबालिग बेटे अभिषेक राजभर और अंश राजभर हैं।
बड़ी बेटी का रोकर बुरा हाल, अब शादी में कैसे उठेगी डोली
बड़ी बेटी अनीता बार-बार रोते हुए बेहोश हो जा रही थी। वह यही कह रही थी कि मां के बिना उसकी डोली कैसे उठेगी। मौके पर गड़वार थाना प्रभारी हितेश कुमार, पकड़ी थाना प्रभारी रंजीत कुमार विश्वकर्मा, सुखपुरा थाना प्रभारी रत्नेश त्रिपाठी और खेजुरी थाना प्रभारी सुशील कुमार पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
इसके अलावा ईओ मृदुल कुमार सिंह, क्षेत्रिय लेखपाल आशीष सिंह सहित भाजपा नेता विजय गुप्ता, सभासद प्रतिनिधि सर्वजीत राजभर, शिवशंकर राजभर, सभासद अशोक कुमार गुप्ता सहित अन्य भी पहुंचे और पीड़ित परिवार से बात की।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।