देर रात लगी आग से दो घर राख, लाखों की क्षति
अगलगी --परिवार के सदस्यों की किसी तरह बची जान, तीन झुलसे --ग्रामीणों ने किसी तरह किया काबू में, गहने व नगदी हुए राख जागरण संवाददाता, बांसडीहरोड (बलिया): क्षेत्र के टघरौली गांव में मंगलवार की देर रात अज्ञात कारणों से लगी आग में दो परिवारों की लाखों की संपत्ति जल कर राख हो गई। अगलगी में जहां एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई।
जागरण संवाददाता, बांसडीहरोड (बलिया): क्षेत्र के टघरौली गांव में मंगलवार की देर रात अज्ञात कारणों से घर में लगी आग में दो परिवारों की लाखों की संपत्ति संग सारी गृहस्थी जलकर राख हो गई। अगलगी में जहां एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई, वहीं परिवार के ही तीन सदस्य भी आंशिक रूप से झुलस गए।
कुंदन प्रसाद के घर देर रात खाना खाकर सभी सदस्य सोये हुए थे। तभी आग की बढ़ती लपटों से उनकी नींद खुल गई। वह हड़बड़ाहट में शोर मचाते हुए बाहर भागने लगे। तब तक लपटें भयानक शक्ल अख्तियार कर चुकी थी। घर के अंदर महिला अंजलि (29) अपनी तीन दिन की नवजात बच्ची के साथ ही फंस गई। उसके चीखने-चिल्लाने पर घरवालों ने उसे किसी तरह से बाहर निकाला। तब तक वह काफी झुलस चुकी थी। नवजात को किसी तरह बचा लिया गया। इसी आग ने और विकराल रूप पकड़ा तो पास के रामबहादुर के घर से भी आग लपटें उठने लगी। इसके बाद उसके घर की व्यवस्था भी आग की भेंट चढ़ गई। अगलगी में घर की महिलाओं के गहने, नगदी, कपड़े, अनाज सब कुछ जलकर नष्ट हो गए। सूचना पाकर पहुंचे प्रधान व लेखपाल ने पीड़ितों के लिए तत्काल कुछ वैकल्पिक राहत व्यवस्था की और क्षति की जानकारी ली। घटना के बाद पूरा परिवार काफी सदमे में है।