विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बल‍िया में ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर टेलर की टक्कर से दो की मौत, एक की हालत गंभीर

By Lavkush Singh Edited By: Abhishek sharma
Published: Mon, 23 Nov 2026 04:25 PM (IST)

बलिया के फेफना थाना क्षेत्र में ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। टेंट का सामान ले जा रहे ट्रैक्टर में पीछे से तेज रफ्तार टेलर ने टक्कर मार दी, जिससे शादी समारोह से लौट रहे परिवार में मातम छा गया।

बलिया ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा दो की मौत एक घायल।

बलिया ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा दो की मौत एक घायल।

HighLights

  1. ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हुआ।

  2. टेलर ने खड़े ट्रैक्टर में टक्कर मारी, दो की मौत।

  3. शादी समारोह से लौट रहे परिवार में खुशियां मातम में बदलीं।

जागरण संवाददाता, फेफना (बलिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के खोड़ीपाकड़ गांव के सामने नवनिर्मित ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सड़क किनारे खड़े टेंट का सामान लदे ट्रैक्टर में पीछे से तेज रफ्तार टेलर ने जोरदार टक्कर मार दिया। हादसे में ट्रैक्टर पर बैठे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं, शौच के लिए ट्रैक्टर से उतरे दो लोग बाल-बाल बच गए। बैरिया क्षेत्र के बाबू का शिवपुर गांव निवासी लोग चितबड़ागांव में आयोजित शादी समारोह से टेंट का सामान लेकर दो ट्रैक्टरों से घर लौट रहे थे। दोनों ट्रैक्टरों पर कुल पांच लोग सवार थे। रविवार देर रात खोड़ीपाकड़ गांव के सामने उन्होंने सड़क किनारे दोनों ट्रैक्टर खड़े कर दिए।

इसी दौरान दो लोग शौच के लिए नीचे उतर गए, जबकि तीन लोग ट्रैक्टर पर ही बैठे रहे। तभी पीछे से तेज रफ्तार में आए टेलर ने एक ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर मार दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर पर बैठे लोग संभल भी नहीं सके। हादसे में ट्रैक्टर पर बैठे टेंट मालिक 50 वर्षीय रामकुमार पांडेय और 35 वर्षीय निर्मल वर्मा निवासी बाबू का शिवपुर, थाना दोकटी की मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं, 30 वर्षीय अमर चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। ट्रैक्टर से उतरकर शौच कर रहे आदित्य पांडेय और अकबर अंसारी हादसे में सुरक्षित बच गए। सूचना मिलते ही फेफना थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने टेलर चालक और खलासी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।

बहन की विदाई से पहले घर पहुंची पिता की मौत की खबर
मृतक रामकुमार पांडेय के बेटे अभिलाष पांडेय ने बताया कि सोमवार को उनकी बहन की विदाई होनी थी। शादी समारोह संपन्न होने के बाद सभी रात में ही टेंट का सामान लेकर घर लौट रहे थे। परिवार में बहन की विदाई की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। रामकुमार की छह बेटियां और एक बेटा है। पिता की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस घर में बेटी की विदाई की तैयारी हो रही थी, वहां अब चीख-पुकार मची हुई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।