बलिया में प्राथमिक विद्यालय के किचन के छत पर लौकी तोड़ने गए छात्र की मौत मामले में तीन शिक्षक गिरफ्तार
बलिया के गड़वार में प्राथमिक विद्यालय में हाईटेंशन तार से छात्र की मौत के मामले में पुलिस ने तीन शिक्षकों ...और पढ़ें

बलिया छात्र मौत मामला: हाईटेंशन तार से जान गंवाने वाले छात्र के मामले में तीन शिक्षक गिरफ्तार।
HighLights
प्राथमिक विद्यालय में हाईटेंशन तार से छात्र की मौत।
लौकी तोड़ने छत पर भेजने का आरोप, तीन शिक्षक गिरफ्तार।
प्रभारी प्रधानाध्यापक, सहायक अध्यापक और शिक्षामित्र शामिल।
जागरण संवाददाता, गड़वार (बलिया)। गड़वार क्षेत्र के कनैला स्थित प्राथमिक विद्यालय नवीन पोखरा में हाईटेंशन तार की चपेट में आने से कक्षा चार की 12 वर्षीय छात्र अरशद अहमद की मौत मामले में पुलिस ने मंगलवार को तीन नामजद आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में प्रभारी प्रधानाध्यापक विजय कुमार, सहायक अध्यापक अनिल कुमार और शिक्षामित्र दीपचंद शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, गत दो नवंबर को प्राथमिक विद्यालय में छात्र की हाईटेंशन तार की चपेट में आने से मौत हो गई थी। घटना के बाद स्वजन की तहरीर पर संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। स्वजन ने आरोप लगाया था कि शिक्षकों ने उसे किचन के छत पर बांस की सीढ़ी के जरिए लौकी-काेहड़ा तोड़ने के लिए चढ़ाया था।
मामले में कार्रवाई करते हुए मंगलवार को उपनिरीक्षक ओमप्रकाश यादव ने पुलिस टीम के साथ तीनों आरोपितों को दोपहर करीब एक बजे गिरफ्तार कर लिया। एक दिन पहले ही सोमवार शाम को बीएसए मनीष कुमार सिंह ने उक्त दोनों शिक्षकों को निलंबित कर दिया था, वहीं शिक्षामित्र की सेवा समाप्त करने के लिए संस्तुति की गई।