विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बल‍िया में छत्तीसगढ़ पुलिस के जवान से मारपीट के मामले में तीन आरक्षी निलंबित

By Lavkush Singh Edited By: Abhishek sharma
Published: Mon, 23 Nov 2026 05:43 PM (IST)

बलिया के लालगंज चौकी पर छत्तीसगढ़ पुलिस के जवान को कथित तौर पर प्रताड़ित करने के मामले में तीन आरक्षियों को निलंबित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले का संज्ञान लेते हुए गृह सचिव को जांच के निर्देश दिए हैं।

मामले में आगे की जांच क्षेत्राधिकारी बैरिया आलोक कुमार गुप्ता को सौंपी गई।

मामले में आगे की जांच क्षेत्राधिकारी बैरिया आलोक कुमार गुप्ता को सौंपी गई।

HighLights

  1. छत्तीसगढ़ पुलिस के जवान को चौकी में प्रताड़ित करने का आरोप।

  2. तीन आरक्षी प्रशांत, नरसिंह, बृजेश अनुशासनहीनता के आरोप में निलंबित।

  3. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले की जांच के आदेश दिए।

जागरण संवाददाता, बैरिया(बलिया)। दोकटी थाना क्षेत्र की लालगंज पुलिस चौकी पर छत्तीसगढ़ पुलिस में तैनात जवान सुशील कुमार राम को चौकी में बंद कर प्रताड़ित करने के प्रकरण में नया मोड़ आ गया है। पुलिस अधीक्षक ईरज राजा ने चौकी पर तैनात तीन आरक्षी प्रशांत जायसवाल, नरसिंह पटेल और बृजेश यादव को प्रथम दृष्टया अनुशासनहीनता का दोषी मानते हुए निलंबित कर दिया है।

मामले की जांच क्षेत्राधिकारी बैरिया आलोक कुमार गुप्ता को सौंपी गई है। सुशील कुमार राम छठ पूजा पर अपने गांव आए थे। रविवार को उनका पड़ोसी से भूमि विवाद हो गया। पड़ोसी की शिकायत पर लालगंज चौकी के पुलिसकर्मी उन्हें चौकी ले आए। आरोप है कि उन्हें कमरे में बंद कर मारपीट की गई, जिससे वह बेहोश हो गए।

घटना की जानकारी मिलने पर भाजपा के पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह सैकड़ों समर्थकों के साथ शाम करीब छह बजे चौकी पहुंचे और घेराव किया। उन्होंने एसपी बलिया और डीआइजी आजमगढ़ को भी घटना से अवगत कराया।

इसके बाद दोकटी, हल्दी और बैरिया थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। इस प्रकरण में भाजपा नेता सूर्यभान सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लिखित शिकायत भेजी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ पुलिसकर्मी जानबूझकर सरकार की छवि खराब कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने मामले को संज्ञान में लेते हुए गृह सचिव को जांच के निर्देश दिए हैं।

चिकित्सीय परीक्षण में चोट के निशान नहीं
क्षेत्राधिकारी बैरिया आलोक कुमार गुप्ता ने बताया कि पीड़ित का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है। उसके शरीर पर कहीं चोट के निशान नहीं मिले हैं। तीनों आरक्षियों को मारपीट के आरोप में नहीं, बल्कि भूमि विवाद से संबंधित तहरीर की जानकारी थाना प्रभारी को नहीं देने के मामले में प्रथम दृष्टया अनुशासनहीनता के आरोप में निलंबित किया गया है।

निलंबित आरक्षियों में बृजेश यादव भदोही, नरसिंह पटेल संत कबीर नगर और प्रशांत जायसवाल प्रयागराज के निवासी हैं। तीनों की तैनाती करीब तीन महीने पहले लालगंज चौकी पर हुई थी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।