बलिया के ददरी मेले में इस बार बदायूं का झूला, ऊंचाई इतनी कि रोमांच चरम पर नजर आएगा
बलिया के ऐतिहासिक ददरी मेले में इस बार बदायूं का झूला मुख्य आकर्षण का केंद्र बनेगा। झूले और अन्य ठेकों ...और पढ़ें

बलिया के ददरी मेले में बदायूं का झूला बना आकर्षण का केंद्र नीलामी से बढ़ा राजस्व।
HighLights
ददरी मेले में बदायूं का झूला मुख्य आकर्षण का केंद्र।
झूले और अन्य ठेकों से रिकॉर्ड राजस्व की प्राप्ति हुई।
पार्किंग की नीलामी स्थगित, चार स्थल बनाने की योजना।
जागरण संवाददाता, बलिया। ऐतिहासिक ददरी मेले में इस बार बदायूं की कंपनी का झूला आकर्षण का केंद्र बनेगा। शुक्रवार को गंगा बहुद्देशीय सभागार में आयोजित नीलामी में झूला संचालन का ठेका एक करोड़ 60 लाख 50 हजार रुपये में दिया गया। पिछले वर्ष झूले की नीलामी से एक करोड़ 32 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ था। इस बार 28 लाख 50 हजार रुपये अधिक मिले हैं।
लकड़ी बाजार की नीलामी छह लाख 65 हजार रुपये में हुई, जबकि पिछले वर्ष इससे 6.50 लाख रुपये का राजस्व मिला था। वहीं वेंडिंग जोन का ठेका 15 लाख रुपये में नीलाम हुआ। पिछले वर्ष इसके लिए महज साढ़े छह लाख रुपये मिले थे। इस बार वेंडिंग जोन से राजस्व में दोगुने से अधिक की वृद्धि हुई है।
गर्दभ बाजार 1.80 लाख में नीलाम, पार्किंग की बोली टली
गर्दभ बाजार की नीलामी एक लाख 80 हजार रुपये में की गई। वहीं पार्किंग की नीलामी के लिए अपेक्षित बोली नहीं मिलने के कारण प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। अधिकारियों के अनुसार, इसके लिए अगली तिथि निर्धारित की जाएगी। मेले में कुल चार पार्किंग स्थल बनाए जाने हैं। नीलामी के आंकड़ों से इस बार मेले में व्यावसायिक गतिविधियों को लेकर बढ़ी संभावनाओं का संकेत मिल रहा है।
चार पार्किंग स्थलों की होगी व्यवस्था
सिटी मजिस्ट्रेट व प्रभारी ईओ नगर पालिका परिषद आसाराम वर्मा ने बताया कि पार्किंग की नीलामी के लिए अब अलग से तिथि तय की जाएगी। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और दर्शकों को जाम व वाहन खड़ा करने की समस्या से बचाने के लिए चार पार्किंग स्थल बनाने का लक्ष्य रखा गया है। अधिकारियों का प्रयास है कि मेले के दौरान यातायात और पार्किंग व्यवस्था सुचारु रहे, ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, ऐसे में यदि आवेदन ज्यादा नहीं आए तो एक-एक पार्किंग की अलग-अलग नीलामी की जाएगी।