छत के रास्ते घुसे चोरों ने खंगाला घर
थाना क्षेत्र के देवरार में मंगलवार की रात छत के सहारे घर में घुसे चोरों ने संजीव कुमार सिंह उफऱ् बुचानी सिंह का लाखों का गहना व नगदी पार कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच में जुट गई है। संजीव कुमार सिंह का परिवार रात को खाना खाने के बाद सो गया। इसी बीच चोरों ने घटना को अंजाम दे दिया।
जागरण संवाददाता, मनियर (बलिया) : अपराध व अपराधियों पर नकेल कसने के सारी कवायद धरातल पर बेदम साबित हो रही हैं। आए दिन जिले के विभिन्न क्षेत्रों में मामूली बात को लेकर न सिर्फ तनातनी हो रही है बल्कि अपनों द्वारा अपनों का खून भी बहाया जा रहा है। वहीं पुलिस की गश्त के बाद भी चोरी की घटनाओं में कमी होती नहीं दिख रही है। आए दिन पुलिस को चुनौती देकर चोर कोई न कोई वारदात को अंजाम दे रहे हैं। इससे लोगों में काफी भय व्याप्त है। पुलिस द्वारा सुरक्षा देने की लाख दुहाई दी जा रही हो लेकिन लोगबाग इस पर विश्वास नहीं कर पा रहे हैं।
मनियर थाना क्षेत्र के देवरार में मंगलवार की रात छत के सहारे घर में घुसे चोरों ने पूरी तन्मयता से घर को खंगाला और तसल्ली के बाद वहां से चंपत हो गए। इस बात की जानकारी होने पर परिजनों के होश उड़ गए। हालांकि उक्त घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है लेकिन अभी तक उसमें पुलिस के हाथ खाली हैं। संजीव कुमार सिंह उफऱ् बुचानी सिंह का परिवार रात को खाना खाने के बाद सो गया। इसी बीच चोरों ने घटना को अंजाम दे दिया। रात करीब दो बजे किसी महिला की नींद खुली तो खिड़की खुला पाया। यह बात महिला अपने परिजनों को बतायी।
परिजनों ने बक्से के पास रखे गए तीन मोबाइल फोन को वहां नहीं पाया। इस पर अंदर जाकर देखा तो वहां रखे बक्से की कुंडी टूटी हुई थी और सामान बिखरा पड़ा था। पीड़ित के अनुसार बक्से में से चार अंगूठी, तीन मंगलसूत्र सहित अन्य छोटे-मोटे गहने व नगदी पचास हजार रुपये तथा कीमती कपड़े गायब थे। थानाध्यक्ष सुभाष चंद्र यादव ने बताया कि चोरी घटना की लिखित तहरीर मिली है कारवाई की जा रही है।