विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बल‍िया के लखनेश्वरनाथ मंदिर के पुजारी को बंधक बनाकर बदमाशों ने तीन किलो चांदी का नाग और चलनी लूटा

By Vns Milan K. Gupta Edited By: Abhishek sharma
Published: Fri, 30 Oct 2026 07:31 PM (IST)

बलिया के लखनेश्वरनाथ मंदिर में तीन नकाबपोश बदमाशों ने पुजारी को बंधक बनाकर 3.3 किलोग्राम चांदी की चोरी की। इस ...और पढ़ें

बलिया के लखनेश्वरनाथ मंदिर में भीषण चोरी, पुजारी को बंधक बनाकर लाखों की चांदी लूटी।

बलिया के लखनेश्वरनाथ मंदिर में भीषण चोरी, पुजारी को बंधक बनाकर लाखों की चांदी लूटी।

HighLights

  1. लखनेश्वरनाथ मंदिर में पुजारी को बंधक बनाकर चोरी की वारदात।

  2. बदमाशों ने 3.3 किलोग्राम चांदी का नाग व चलनी चुराई।

  3. घटना से श्रद्धालुओं में आक्रोश, पुलिस संदिग्धों की तलाश में जुटी।

जागरण संवाददाता, रसड़ा (बलिया)। रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के मुड़ेरा स्थित ऐतिहासिक एवं पौराणिक लखनेश्वर डीह किला परिसर में स्थित प्रसिद्ध बाबा लखनेश्वरनाथ मंदिर में गुरुवार की मध्यरात्रि बारिश के बीच नकाबपोश तीन बदमाशों ने दुस्साहसिक चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

बदमाशों ने मंदिर के पुजारी हृदयानंद पांडेय को चाकू दिखाकर बंधक बना लिया और उनके हाथ-पैर रस्सी से बांधकर मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। इसके बाद मंदिर के गर्भगृह से भगवान भोलेनाथ के गले में विराजमान करीब 1.8 किलोग्राम वजन का चांदी का नाग और 1.5 किलोग्राम की चांदी की चलनी चोरी कर ली। बदमाश पुजारी का मोबाइल फोन और जेब में रखे 100 रुपये भी लेकर फरार हो गए। इस घटना से क्षेत्र के श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश व्याप्त है।

पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, मंदिर के पुजारी एवं मुड़ेरा (धमर्जा) निवासी हृदयानंद पांडेय गुरुवार की रात करीब एक बजे मंदिर परिसर में सो रहे थे। इसी दौरान तीन नकाबपोश युवक मंदिर की चहारदीवारी फांदकर अंदर घुस आए। बदमाशों ने उन्हें चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए।

इसके बाद शोर मचाने से रोकने के लिए उनके मुंह पर कपड़ा बांध दिया। बदमाश मंदिर के गर्भगृह की चाबी लेकर अंदर पहुंचे और भगवान भोलेनाथ के गले में सुशोभित करीब 1 किलो 800 ग्राम का चांदी का नाग तथा उनके ऊपर लगी करीब 1 किलो 500 ग्राम की चांदी की चलनी निकाल ली। चोरी करने के बाद बदमाश पुजारी का मोबाइल फोन और जेब में रखे 100 रुपये भी लेकर मंदिर से बाहर निकल गए।

जाते समय उन्होंने मंदिर का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। काफी प्रयास के बाद पुजारी किसी तरह खुद को बंधनमुक्त करने में सफल हुए। इसके बाद वह मंदिर से कुछ दूरी पर स्थित भगवान विष्णु मंदिर पहुंचे और वहां के पुजारी बालक बाबा को पूरी घटना की जानकारी दी। उनकी सूचना पर गांव के लोग मौके पर पहुंचे। रसड़ा कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार ने बताया कि पुजारी की तहरीर के आधार पर पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं और संदिग्धों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।