राजेश सिंह हत्याकांड का मुख्य आरोपित प्रधान गिरफ्तार
राजेश सिंह हत्याकांड का मुख्य आरोपित प्रधान गिरफ्तार
जागरण संवाददाता, बलिया: सदर कोतवाली पुलिस ने गुरुवार की आधी रात को राजेश हत्याकांड के मुख्य आरोपित टकरसन गांव के प्रधान विश्वम्भर यादव को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके ऊपर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। शहर के महावीर घाट मार्ग पर 25 जून को राजेश सिंह एक दाहसंस्कार में भाग लेकर गंगा तट से बाइक से अपने एक साथी के साथ लौट रहे थे। इसी बीच बाइक सवार नकाबपोश दो बदमाशों ने सुनसान इलाके में गाड़ी रोककर दिनदहाड़े राजेश सिंह को दौड़कर गोली मारी थी। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं बाइक पर सवार एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया था।
इस मामले में परिवार वालों की तहरीर पर टकसर के प्रधान समेत चार नामजद व दो अन्य लोगों पर सदर कोतवाली में मुकदमा कायम किया गया था। उस समय से ही यह फरार चल रहे थे। पुलिस अधीक्षक देवेंद्र नाथ ने इसके खिलाफ 25 हजार का इनाम घोषित किया था। सदर कोतवाल विपिन सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि यह अपने परिवार वालों से मिलने घर आया हुआ है। इस पर वह पुलिस टीम के साथ घेराबंदी कर उसे दबोचा लिया। कोतवाल ने बताया कि इस मामले में अन्य आरोपितों की तलाश जारी है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके ऊपर बांसडीह रोड थाने में 10 तथा शहर कोतवाली में एक एफआइआर दर्ज है।