विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सुरहाताल का बदलेगा स्वरूप, सीमांकन से लेकर इको टूरिज्म तक की बनेगी कार्ययोजना

By Milan Kumar Gupta Edited By: Abhishek sharma
Published: Sat, 14 Nov 2026 12:53 PM (IST)

बलिया के जयप्रकाश नारायण पक्षी विहार (सुरहाताल) के संरक्षण और विकास के लिए काशी वन्य जीव प्रभाग 23-24 करोड़ रुपये ...और पढ़ें

बलिया के सुरहाताल का बदलेगा स्वरूप, संरक्षण और इको टूरिज्म की बनेगी कार्ययोजना।

बलिया के सुरहाताल का बदलेगा स्वरूप, संरक्षण और इको टूरिज्म की बनेगी कार्ययोजना।

HighLights

  1. सुरहाताल के संरक्षण और विकास के लिए 24 करोड़ का ड्राफ्ट।

  2. ड्रोन सर्वे से सीमांकन, जलकुंभी हटाना, पारिस्थितिकी सुधारना मुख्य लक्ष्य।

  3. इको टूरिज्म, नेचर इंटरप्रिटेशन सेंटर से पर्यटन को बढ़ावा।

-- -प्रीमियम कंटेंट -- -- -
-करीब 23-24 करोड़ रुपये का ड्राफ्ट होगा तैयार, काशी वन्य जीव प्रभाग पांच साल के प्रबंधन प्लान पर कर रहा काम
-अतिक्रमण हटाने के साथ जलकुंभी की होगी सफाई, प्रवासी पक्षियों के लिए विकसित होगा अनुकूल वातावरण

मिलन गुप्ता
बलिया : जिले के प्रसिद्ध जयप्रकाश नारायण पक्षी विहार (सुरहाताल) का स्वरूप आने वाले दिनों में बदलने वाला है। इसके संरक्षण, विकास और पर्यटन की संभावनाओं को विस्तार देने के लिए काशी वन्य जीव प्रभाग, रामनगर की ओर से व्यापक प्रबंधन योजना तैयार की जा रही है। इसके लिए करीब 23 से 24 करोड़ रुपये का प्रारंभिक ड्राफ्ट तैयार किया गया है। अब इस प्रस्ताव को स्थानीय परिस्थितियों और आवश्यकताओं के अनुरूप अंतिम रूप देने की तैयारी है। इसके लिए बलिया के जिलाधिकारी, संबंधित उप जिलाधिकारियों, राजस्व विभाग और वन विभाग के अधिकारियों से विचार-विमर्श किया जाएगा।

ड्रोन सर्वे से होगा सीमांकन, पिलर लगाकर तय होगी ताल की सीमा
काशी वन्य जीव प्रभाग के अंतर्गत आने वाले सुरहाताल के विकास के लिए पांच वर्ष की कार्ययोजना तैयार की जा रही है। इसमें ताल के प्राकृतिक स्वरूप को संरक्षित रखने के साथ जैव विविधता, प्रवासी पक्षियों और स्थानीय लोगों की आजीविका को भी ध्यान में रखा जाएगा। राजस्व अभिलेखों में दर्ज गाटा संख्या के आधार पर ताल की वास्तविक सीमा निर्धारित होगी। इसके बाद ड्रोन से सर्वे कराया जाएगा और चिह्नित स्थानों पर पिलर लगाए जाएंगे, ताकि ताल की भूमि की पहचान स्पष्ट हो सके। सुरहाताल के क्षेत्रफल को लेकर उपलब्ध आंकड़ों और मौके की स्थिति का भी सत्यापन कराया जाएगा। प्रस्तावित सीमांकन में बाढ़ का पानी कम होने के बाद करीब 1832 हेक्टेयर और बाढ़ के दौरान 3200 हेक्टेयर के आंकड़ों का उल्लेख सामने आया है। ऐसे में राजस्व अभिलेखों और स्थलीय सर्वे के आधार पर वास्तविक सीमा का निर्धारण महत्वपूर्ण होगा। ताल के आसपास कई स्थानों पर घरों का गंदा पानी और नालियां सीधे ताल में गिरती हैं। इससे जल की गुणवत्ता और जलीय पारिस्थितिकी पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। प्रबंधन योजना में ऐसे नालों के प्रवाह को रोकने और गंदे पानी को ताल में जाने से बचाने के उपाय भी शामिल किए जाएंगे।

जलकुंभी हटाने से लेकर नेचर इंटरप्रिटेशन सेंटर तक की तैयारी
प्रबंधन योजना में ताल से जलकुंभी हटाना, प्रवासी पक्षियों के बैठने और सुरक्षित विचरण के लिए अनुकूल स्थान विकसित करना तथा जलीय जीव-जंतुओं के प्राकृतिक आवास को संरक्षित करना प्रमुख है। ताल में आने वाले प्रवासी पक्षियों के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार किया जाएगा, जिससे पक्षी विहार की प्राकृतिक पहचान और मजबूत हो सके। इको टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए नेचर इंटरप्रिटेशन सेंटर, वाच टावर और गेस्ट हाउस जैसी सुविधाएं विकसित करने का प्रस्ताव है। नेचर इंटरप्रिटेशन सेंटर के माध्यम से पर्यटकों, विद्यार्थियों और शोधार्थियों को सुरहाताल की जैव विविधता, प्रवासी पक्षियों और पर्यावरणीय महत्व की जानकारी दी जा सकेगी।

/Bस्थानीय समुदाय की भागीदारी भी योजना का अहम हिस्सा/B
स्थानीय समुदाय की भागीदारी भी योजना का अहम हिस्सा होगी। इसके लिए मछुआरों के साथ बैठक कर पर्यावरण अनुकूल गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। स्वयं सहायता समूहों को भी संरक्षण और इको टूरिज्म से जुड़ी गतिविधियों में सहयोगी बनाया जाएगा। क्षेत्र के विद्यालयों को इको क्लब के रूप में विकसित करने की योजना है, ताकि बच्चों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़े। डीएफओ ने स्पष्ट किया कि व्यावसायिक फिशिंग पर रोक लगाने की दिशा में भी कदम उठाए जाएंगे। सुरहाताल के जल की गुणवत्ता और पारिस्थितिकी का वैज्ञानिक अध्ययन भी किया गया है। पूर्व में वर्ल्ड वाइड फंड फार नेचर (डब्ल्यूडब्ल्यूएफ) के विशेषज्ञों ने ताल से पानी के नमूने एकत्र किए थे और जल परीक्षण से संबंधित रिपोर्ट उपलब्ध कराई थी। इस रिपोर्ट को भी प्रबंधन योजना तैयार करने में आधार बनाया जाएगा।
-- -- --
सुरहाताल के संरक्षण और विकास के लिए क्षेत्रीय विधायक, संबंधित मंत्री और जिलाधिकारी से भी वार्ता की जाएगी। स्थानीय प्रशासन और राजस्व विभाग के सहयोग से सीमांकन तथा अन्य कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। मौके पर भ्रमण के बाद आवश्यक बदलावों को ड्राफ्ट में शामिल किया जाएगा।
-बी. शिवशंकर, डीएफओ, काशी वन्य जीव प्रभाग रामनगर।
-- -
ऐसी योजना लागू की जाए जिससे जहां सुरहाताल की पारिस्थितिकी को बेहतर बनाने में मदद मिले, वहीं इको टूरिज्म के विकास से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर भी पैदा हो। काला नमक चावल व मखाना की खेती का भी प्रयोग किया जा सकता है। यहां की उपजाऊ मिट्टी को ब्रांडिंग कर औषधीय पौधों को उगाने के लिए विक्रय भी किया जा सकता है।
-डा. अनिल कुमार तिवारी, असिस्टेंट प्रोफेसर भूगोल, कमला देवी बाजोरिया डिग्री कालेज, दुबहर, बलिया।
-- -- -
सुरहाताल बलिया जनपद की ऐतिहासिक धरोहर है। इसके क्षेत्रफल को भूमाफिया से बचाना और इसके पानी की निर्मलता को अक्षुण्ण रखना पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके अलावा, इसके सौन्दर्यीकरण को लेकर जो भी कार्य हों, उनकी गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए।
-शशि कुमार सिंह ''प्रेमदेव'', प्रबंधक, कुंवर सिंह इंटर कालेज, बलिया।
-- --
मैरीटार गांव में इको टूरिज्म बनकर लगभग तैयार हो गया है। जल्द यह शुरु होगा। इसके अलावा सुरहाताल में गिरने वाले नाले को भी चिह्नित कर टैप किया जाएगा।
-ज्ञानेंद्र सिंह, जिलाधिकारी, बलिया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।