विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बलिया में आमरण अनशन पर बैठे छात्र की रात दो बजे बिगड़ी तबीयत, सीएचसी में भर्ती कराया गया

By Dilip Kumar Singh Edited By: Abhishek sharma
Published: Sat, 28 Nov 2026 02:46 PM (IST)

बलिया के श्री बजरंग स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर आमरण अनशन पर बैठे छात्र सुमित यादव की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें सिकंदरपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया है, जहां अब उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

बलिया में आमरण अनशन पर बैठे छात्र की तबीयत बिगड़ी अस्पताल में भर्ती।

बलिया में आमरण अनशन पर बैठे छात्र की तबीयत बिगड़ी अस्पताल में भर्ती।

HighLights

  1. छात्र सुमित यादव की आमरण अनशन के दौरान तबीयत बिगड़ी।

  2. बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर चल रहा था आंदोलन।

  3. अस्पताल में भर्ती, अब हालत खतरे से बाहर बताई गई।

जागरण संवाददाता, नवानगर (बलिया)। श्री बजरंग स्नातकोत्तर महाविद्यालय, दादर आश्रम में बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर चल रहा छात्रों का आंदोलन गंभीर मोड़ पर पहुंच गया है। महिला शौचालय निर्माण, खेल मैदान की सफाई सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर दो दिनों से आमरण अनशन पर बैठे छात्र सुमित यादव की शुक्रवार की रात करीब दो बजे अचानक तबीयत बिगड़ गई।

वह अनशन स्थल पर ही गिर पड़े, जिससे समर्थकों में अफरा-तफरी मच गई।छात्र की हालत बिगड़ने पर मौके पर मौजूद लोगों ने एंबुलेंस और डायल 112 पर फोन कर मदद मांगी। इसके बाद एंबुलेंस से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उपचार शुरू किया गया। डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को देखते हुए अस्पताल में ही रुकने की सलाह दी।

अनशनकारियों और समर्थकों का आरोप है कि दो दिनों से आंदोलन जारी रहने के बावजूद न तो कोई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचा और न ही स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अनशनकारी की सुध ली। यहां तक कि रक्तचाप और रक्त शर्करा समेत जरूरी स्वास्थ्य जांच भी नहीं कराई गई। उनका कहना है कि समय रहते स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंचती तो छात्र की हालत इतनी गंभीर नहीं होती।

छात्रों का कहना है कि महाविद्यालय में महिला शौचालय जैसी आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराने और खेल मैदान की सफाई की मांग करना उनका अधिकार है। इसके लिए एक छात्र को अपनी सेहत दांव पर लगाकर आमरण अनशन करना पड़ रहा है। वहीं, इस घटना के बाद आंदोलन स्थल पर अनशनकारी की स्वास्थ्य सुरक्षा और प्रशासनिक संवेदनशीलता को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

इस संबंध में सीएचसी सिकंदरपुर के चिकित्सा अधीक्षक डा. दिग्विजय कुमार ने बताया कि तबीयत बिगड़ने पर सुमित यादव को तत्काल अस्पताल लाया गया। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है। अब उनकी हालत खतरे से बाहर है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।