बलिया में विद्यालय की छत पर मिडडे मील के लिए लौकी तोड़ने चढ़े छात्र की करंट से मौत, ग्रामीणों का हंगामा
बलिया के कनैला स्थित नवीन पोखरा प्राथमिक विद्यालय में मध्याह्न भोजन के लिए छत पर लौकी तोड़ने गए 12 वर्षीय ...और पढ़ें
HighLights
12 वर्षीय छात्र अरशद अहमद की स्कूल में करंट से मौत।
मध्याह्न भोजन हेतु छत पर लौकी तोड़ने गया था छात्र।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग की।
जागरण संवाददाता, बलिया। गड़वार थाना क्षेत्र के कनैला स्थित अनुसूचित बस्ती के नवीन पोखरा प्राथमिक विद्यालय में सोमवार को बिजली के तार की चपेट में आने से 12 वर्षीय छात्र अरशद अहमद की मौत हो गई। घटना के बाद स्वजन में चीख-पुकार मच गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर हंगामा शुरू कर दिया।
ग्रामीण जिलाधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। सूचना मिलने पर पुलिस और शिक्षा विभाग के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। विशुकिया निवासी मो. इजहार अहमद का पुत्र अरशद अहमद विद्यालय में कक्षा चार का छात्र था। सोमवार को वह पढ़ाई के लिए स्कूल पहुंचा था। विद्यालय की छत के ऊपर से बिजली का तार गुजर रहा है।
बताया जा रहा है कि मध्याह्न भोजन के लिए शिक्षक के द्वारा लौकी तोड़ने के लिए छात्र को छत पर भेजा गया था। इसी दौरान वह बिजली के तार की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जिलाधिकारी को बुलाने की मांग पर अड़े ग्रामीण
छात्र की मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण विद्यालय परिसर में जुट गए। हादसे से आक्रोशित लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। ग्रामीणों की मांग थी कि जिलाधिकारी मौके पर पहुंचें। इसको लेकर ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे। स्थिति को देखते हुए पुलिस और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों से बातचीत कर रहे हैं।
विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
विद्यालय की छत के ऊपर से बिजली का तार गुजरने और छात्र की मौत की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों में इस बात को लेकर आक्रोश है कि विद्यालय परिसर में बच्चों की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं थे। फिलहाल, घटनास्थल पर पुलिस और शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद हैं।