सपा की स्थापना कांग्रेस के खिलाफ हुई थी, आज अखिलेश स्वार्थ में गठबंधन कर रहे : दयाशंकर सिंह
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने अखिलेश यादव के कांग्रेस से गठबंधन पर निशाना साधा, कहा कि सपा की स्थापना कांग्रेस ...और पढ़ें

अखिलेश का कांग्रेस से गठबंधन स्वार्थपूर्ण, सपा की स्थापना कांग्रेस के खिलाफ हुई थी: दयाशंकर सिंह।
HighLights
सपा की स्थापना कांग्रेस के विरोध में हुई थी।
अखिलेश का गठबंधन मुलायम सिंह के सिद्धांतों के विपरीत।
दयाशंकर सिंह ने अखिलेश-ओवैसी विवाद पर भी टिप्पणी की।
जागरण संवाददाता, बलिया। प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने सोमवार को पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में सपा प्रमुख अखिलेश यादव के एआइएमआइएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को लेकर दिए गए बयान व कांग्रेस के साथ गठबंधन पर प्रतिक्रिया व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव जब कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की बात करते हैं तो उन्हें यह याद रखना चाहिए कि समाजवादी पार्टी की स्थापना ही कांग्रेस के खिलाफ हुई थी। परिवहन मंत्री गेस्ट हाउस में 15 दिवसीय सड़क सुरक्षा पखवाड़े का शुभारंभ करने पहुंचे थे। मंत्री ने कहा कि मुलायम सिंह यादव लोकतंत्र के सेनानी थे।
कांग्रेस सरकार के दौरान उन्हें जेल में बंद किया गया, यातनाएं दी गईं और उन पर लाठियां भी चलाई गई थीं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के उद्देश्य से ही नेताजी मुलायम सिंह यादव ने समाजवादी पार्टी की स्थापना की थी। वर्तमान में अखिलेश यादव राजनीतिक स्वार्थ के कारण गठबंधन कर रहे हैं, ऐसे में मुलायम सिंह जी की आत्मा जहां-कहीं भी होगी, बहुत दुखी होगी।
परिवहन मंत्री ने अपने बयान में सपा की स्थापना के ऐतिहासिक राजनीतिक संदर्भों का उल्लेख करते हुए अखिलेश यादव को उनके पिता मुलायम सिंह यादव के संघर्षों की याद दिलाई। उनका यह बयान अखिलेश यादव की ओर से ओवैसी को लेकर दिए गए बयान व कांग्रेस के साथ गठबंधन के संदर्भ में आया है।
हाल में आगरा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान अखिलेश यादव ने असदुद्दीन ओवैसी पर निशाना साधते हुए कहा था कि चुनाव आते ही 'सियासत के सैलानी' आ गए हैं। उन्होंने बिना नाम लिए तंज कसा कि इनकी डोर भी कहीं और है और चरखी भी कहीं और है, ये उतना ही उड़ेंगे, जितनी इन्हें ढील दी जाएगी। इस पर एआएमआइएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने भी पलटवार किया। उन्होंने कहा कि हमारी डोर अल्लाह के हाथ में है, लेकिन अखिलेश यादव की डोर जरूर भाजपा के हाथों में है।