बलिया में छह धान क्रय केंद्र निर्धारित, खरीदारी एक भी जगह शुरू नहीं
किसान बलिया के पंदह ब्लॉक में धान क्रय केंद्रों के बंद होने से परेशान हैं, जिससे उन्हें अपनी फसल बिचौलियों ...और पढ़ें

बलिया में धान खरीद शुरू न होने से किसानों में आक्रोश, सरकारी केंद्रों पर ताला।
HighLights
पंदह ब्लॉक में छह धान क्रय केंद्र निष्क्रिय पड़े हैं।
किसान मजबूरी में बिचौलियों को औने-पौने दाम पर बेच रहे धान।
रबी की फसल बुवाई के लिए किसानों को पैसों की कमी।
जागरण संवाददाता, पूर (बलिया)। धान की फसल तैयार होने के बाद किसानों को अब उसे बेचने के लिए परेशान होना पड़ रहा है। विकास खंड पंदह में छह धान क्रय केंद्र निर्धारित किए गए हैं, लेकिन अब तक किसी भी केंद्र पर खरीदारी शुरू नहीं हो सकी है। इससे किसानों में आक्रोश व्याप्त है। सरकारी क्रय केंद्रों पर ताला लटकने से किसान अपनी उपज बेचने के लिए भटक रहे हैं।
वहीं, मजबूरी में उन्हें बिचौलियों के हाथों औने-पौने दाम पर धान बेचना पड़ रहा है। किसान रामजी सिंह ने बताया कि विकास खंड पंदह में साधन सहकारी समिति पकड़ी, मिश्रौली, चड़वा बरवां, एकैल, मार्केटिंग पंदह बहेरी और खेजूरी में धान क्रय केंद्र निर्धारित किए गए हैं, लेकिन अभी तक खरीद शुरू नहीं हुई है। किसानों के सामने सबसे बड़ी समस्या रबी की फसल की बोआई को लेकर है।
धान बेचकर मिलने वाली रकम से ही किसान गेहूं सहित अन्य रबी फसलों की बोआई के लिए खाद, बीज और कृषि संबंधी जरूरतें पूरी करते हैं। सरकार की ओर से धान का समर्थन मूल्य 2441 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है, लेकिन सरकारी खरीद नहीं होने से किसानों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। मजबूरी में किसान व्यपारियों से कम कीमत पर धान की बिक्री कर रहे हैं।
पूर में क्रय केंद्र नहीं हुआ निर्धारित
जनपद की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत पूर में करीब 5400 किसान हैं, लेकिन यहां धान क्रय केंद्र निर्धारित नहीं किया गया है। इससे किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए दूसरे केंद्रों का चक्कर लगाना पड़ रहा है। किसानों ने प्रशासन से पूर में भी धान क्रय केंद्र खोलने की मांग की है, ताकि उन्हें सरकारी समर्थन मूल्य का लाभ मिल सके।
मशीन उपलब्ध होते ही शुरू होगी खरीद
साधन सहकारी समिति के सचिव चंदन सिंह ने बताया कि मिश्रौली को छोड़कर अन्य केंद्रों पर खरीद के लिए मशीनें उपलब्ध नहीं हो पाई हैं। इसी कारण खरीदारी शुरू नहीं हो सकी है। किसान लगातार धान बेचने के लिए संपर्क कर रहे हैं। मशीनें मिलते ही खरीद शुरू करा दी जाएगी।