विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना में प्राइवेट कॉलेजों की छात्राओं का दबदबा, बलिया में सरकारी संस्थान पीछे

Published: Thu, 26 Nov 2026 02:43 PM (IST)

बलिया में रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना के तहत चयनित 424 छात्राओं में निजी महाविद्यालयों का दबदबा रहा, जहां से 334 छात्राएं चुनी गईं।

जननायक चंद्रशेखर विवि का प्रशासनिक भवन। फोटो- जागरण

जननायक चंद्रशेखर विवि का प्रशासनिक भवन। फोटो- जागरण

HighLights

  1. योजना में निजी महाविद्यालयों की छात्राओं का भारी दबदबा।

  2. कुल 424 में से 334 छात्राएं निजी कॉलेजों से चयनित।

  3. सरकारी संस्थानों की कम भागीदारी पर उठे समीक्षा के सवाल।

जागरण संवाददाता, बलिया। रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना के तहत चयनित छात्राओं की सूची में निजी महाविद्यालयों का दबदबा देखने को मिला है। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय की ओर से निदेशालय को भेजी गई 424 छात्राओं की सूची में 334 छात्राएं निजी कॉलेज की हैं।

इस तरह कुल चयनित छात्राओं में निजी महाविद्यालयों की हिस्सेदारी 78.77 प्रतिशत है। वहीं विश्वविद्यालय परिसर, राजकीय महिला महाविद्यालय और अनुदानित महाविद्यालयों की संयुक्त हिस्सेदारी महज 21.23 प्रतिशत है। इन संस्थानों से कुल 90 छात्राओं का चयन हुआ है।

हर चार में से तीन छात्राएं निजी कॉलेजों की

चयन सूची के आंकड़ों पर गौर करें तो लगभग हर चार में से तीन छात्राएं निजी महाविद्यालयों से हैं। इसके मुकाबले सरकारी और अनुदानित संस्थानों की छात्राओं की संख्या काफी कम है। अनुदानित महाविद्यालयों में सबसे अधिक 55 छात्राएं श्री मुरली मनोहर टाउन डिग्री कॉलेज की चयनित हुई हैं।

राजकीय एवं अनुदानित महाविद्यालयों से चयनित छात्राओं में अकेले टीडी कॉलेज की हिस्सेदारी करीब 65 प्रतिशत है। सतीश चंद्र कॉलेज की 11 और कुंवर सिंह स्नातकोत्तर महाविद्यालय की 10 छात्राओं को सूची में स्थान मिला है।

गुलाब देवी महिला महाविद्यालय और श्री बजरंग स्नातकोत्तर महाविद्यालय की दो-दो, जबकि देवेंद्र पीजी कॉलेज और मथुरा पीजी कॉलेज की एक-एक छात्रा चयनित हुई है। वहीं तीन अनुदानित महाविद्यालय ऐसे भी हैं, जहां से एक भी छात्रा का चयन नहीं हुआ है।

सरकारी संस्थानों की हिस्सेदारी पर उठे सवाल

सरकारी और अनुदानित महाविद्यालयों को शासन की ओर से संसाधन एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है, इसके बावजूद योजना की चयन सूची में इनकी छात्राओं की भागीदारी निजी कॉलेज की तुलना में काफी कम है। यह अंतर चयन प्रक्रिया और संस्थानवार प्रदर्शन को लेकर चर्चा का विषय बना हुआ है।

योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2025-26 में स्नातक उत्तीर्ण करने वाली उत्तर प्रदेश की मूल निवासी पात्र छात्राओं को लाभ दिया जाना है। सामान्य मेधावी छात्राओं के साथ बलिदानी परिवारों की मेधावी, दिव्यांग और निराश्रित छात्राओं को भी निर्धारित शर्तों के आधार पर शामिल किया गया है। इसके लिए वार्षिक पारिवारिक आय की अधिकतम सीमा 12 लाख रुपये निर्धारित है।

चयनित छात्राओं के दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है। कॉलेजवार चयन सूची में निजी, राजकीय और अनुदानित महाविद्यालयों की छात्राओं की संख्या में सामने आए अंतर की समीक्षा की जाएगी। -महेंद्र प्रसाद, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी, आजमगढ़।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।