राजनीति के पुरोधा रहे रामचंद्र चौबे की प्रतिमा का अनावरण
देश व प्रदेश आज आतंक के साए में जी रहा है तो देश में कलंकित करने वाली घटनाओं ने लोगों का भाजपा सरकार से भरोसा ही उठा गया है। केन्द्र व प्रदेश की सरकार बदले की भावना से कार्य कर रही है। कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। जरूरत है इन ताकतों से लड़कर प्रदेश को अराजकता से मुक्त कराया जाए। यह बातें सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम ने कही।
जागरण संवाददाता, चिलकहर/इंदरपुर (बलिया) : देश व प्रदेश आज आतंक के साए में जी रहा है तो देश में कलंकित करने वाली घटनाओं ने लोगों का भाजपा सरकार से भरोसा ही उठा गया है। केंद्र व प्रदेश की सरकार बदले की भावना से कार्य कर रही है। कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। जरूरत है इन ताकतों से लड़कर प्रदेश को अराजकता से मुक्त कराया जाए। ये बातें सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम ने कही। वह शुक्रवार को गोपालपुर स्थित रामधनी कुंवर इंटर कालेज में राजनीति के पुरोधा रहे स्व. रामचंद्र चौबे की मूर्ति अनावरण के पश्चात जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि स्व. रामचंद्र चौबे ने समाज सेवा के क्षेत्र में अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। ऐसे लोगों के प्रति उनके आदर्शों को अपना एक नए समाज की संरचना करनी होगी। भाजपा सरकार की जन विरोधी नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि आज पूरा प्रदेश आतंक के साए में जल रहा है, लेकिन प्रदेश सरकार अपराधियों को संरक्षण प्रदान करने में लगी हुई है।
आज प्रदेश में अपराधियों के हौसले बढ़ रहे हैं, वहीं बेटियां सुरक्षित नहीं रह गई हैं। उन्हें कानूनी लड़ाई लड़ने से भी वंचित किया जा रहा है और विरोध करने पर में उसे जेल में डाल दिया जा रहा है। भाजपा सरकार बदले की भावना से विपक्षी नेताओं को फर्जी मुकदमें फंसाकर उनका उत्पीड़न कर रही है। जिसे समाजवादी पार्टी कभी बर्दाश्त नहीं करेगी। हम इसका डटकर मुकाबला करेंगे। सभा में विरोधी दल के नेता रामगोविंद चौधरी व पूर्व विधायक सनातन पांडेय ने कहा कि भाजपा सरकार की जन विरोधी नीतियों एवं राजनीतिक नेताओं के उत्पीड़न के विरोध में हमें अब सड़कों पर उतरना होगा और इनके मंसूबों को नाकाम करने के लिए एकजुट होकर संघर्ष का रास्ता अख्तियार करना होगा। इसके लिए समाजवादी पार्टी रणनीति तैयार कर रही है।
इस अवसर पर मु. रिजवी, विधान परिषद सदस्य उमेश द्विवेदी, पूर्व मंत्री राजधारी सिंह, जय प्रकाश अंचल, गोरख पासवान, कालिका यादव, वीरेंद्र सिंह, विजयशंकर यादव, लक्ष्मण गुप्त, शशिकांत चतुर्वेदी, संग्राम सिंह, नारद राय, साहित्यकार जनार्दन राय, डा. गणेश पाठक, आइडी एन चतुर्वेदी, ब्रजभूषण चौबे, चंद्रशेखर सिंह समेत दो दर्जन सपा नेताओं ने स्व. रामचंद्र चौबे के व्यक्तित्व एवं कृतित्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि हमने उनके आदर्शो पर चलने का संकल्प लेना चाहिए। समारोह में प्रबंधक उतीर्ण पांडेय ने मुख्य अतिथि को अंगवस्त्रम व प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। वहीं क्षेत्र के नामीगिरामी पहलवानों को भी अंगवस्त्रम से सम्मानित किया। अध्यक्षता पूर्व विधायक सनातन पांडेय और संचालन संयोजक सदस्य जिला पंचायत संजय यादव ने किया। कार्यक्रम में लोक गीत गायक सुरेंद्र यादव व मनोज सिंह ने गीतों के माध्यम से भाजपा पर करारा प्रहार किया।