विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राज्यसभा का तीसरी बार उप सभापति पर गांव के लिए वही 'हरिवंश', श‍िक्षकों को द‍िया श्रेय

By Lavkush Singh Edited By: Abhishek sharma
Published: Sat, 21 Nov 2026 05:59 PM (IST)

राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह तीसरी बार निर्वाचित होने के बाद अपने पैतृक गांव जयप्रकाशनगर पहुंचे, जहां ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत किया। उन्होंने अपनी सादगी, शिक्षकों के योगदान को याद किया और गांव के बदलते सामाजिक परिवेश पर चिंता व्यक्त की।

राज्यसभा उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह का पैतृक गांव में भव्य स्वागत शिक्षकों को दिया श्रेय।

राज्यसभा उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह का पैतृक गांव में भव्य स्वागत शिक्षकों को दिया श्रेय।

HighLights

  1. हरिवंश नारायण सिंह तीसरी बार राज्यसभा उपसभापति चुने गए।

  2. पैतृक गांव जयप्रकाशनगर में ग्रामीणों ने उनका आत्मीय स्वागत किया।

  3. उन्होंने शिक्षकों को श्रेय दिया, गांव के सामाजिक बदलाव पर चिंता जताई।

जागरण संवाददाता, बलिया। राज्यसभा के उपसभापति के रूप में तीसरी बार निर्वाचित होने के बाद शुक्रवार को हरिवंश नारायण सिंह अपने पैतृक गांव जयप्रकाशनगर के दलजीत टोला पहुंचे तो पूरा गांव उत्सव के रंग में सराबोर नजर आया। उनके आवास पर बधाई देने और शुभकामनाएं देने वालों का तांता लगा रहा। गांव के लोग अतिथियों के स्वागत-सत्कार में जुटे रहे।

कहीं उल्लास की झलक थी तो कहीं पुरानी स्मृतियों की चर्चा। उनके साथ पढ़ाई करने वाले संसार टोला निवासी विभूति यादव भी इस आत्मीय स्वागत के साक्षी बने। देश की राजनीति में महत्वपूर्ण संवैधानिक दायित्व निभाने वाले हरिवंश को भले ही लोग अलग-अलग नजरिये से देखते हों, लेकिन उनके गांव के लिए वह आज भी वही सहज, सरल और आत्मीय व्यक्तित्व हैं।

ग्रामीणों के अनुसार, गांव आने पर उनके साथ न तो गाड़ियों का लंबा काफिला होता है और न सुरक्षा का कोई दिखावटी तामझाम। हर व्यक्ति से मिलना, उसकी बात सुनना और आत्मीयता से संवाद करना उनकी सहज प्रवृत्ति है। यही सादगी उन्हें लोगों के दिलों में खास स्थान दिलाती है। अपनी पुरानी स्मृतियों को साझा करते हुए हरिवंश ने कहा कि यह वही गांव है, जहां नीम के पेड़ के नीचे बैठकर पढ़ाई करते हुए उन्होंने जीवन की राह बनाई थी।

उस दौर में गांव में एक-दो ही विद्यालय हुआ करते थे। पढ़ाई में रुचि और मेधा को देखते हुए शिक्षक घर आकर भी उन्हें पढ़ाते थे। उन्होंने अपने दिवंगत शिक्षक सुरेश गिरि और राजकिशोर सिंह को श्रद्धापूर्वक याद करते हुए कहा कि आज वह जिस मुकाम पर पहुंचे हैं, उसमें उनके शिक्षकों का अतुलनीय योगदान है। इनको राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने अप्रैल 2026 में राज्यसभा सदस्य नामित किया था। उसके बाद से वह गांव नहीं आए थे।इनका पहला कार्यकाल नौ अगस्त 2018 से शुरू हुआ। दूसरा कार्यकाल 14 सितंबर 2020 से शुरु हुआ। वहीं इस वर्ष 17 अप्रैल को लगातार तीसरी बार निर्विरोध उपसभापति चुने गए हैं।

नैतिक मूल्यों से दूर होता गांव का समाज
हरिवंश ने गांव के बदलते सामाजिक परिवेश पर भी गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कभी गांव में किसी एक बुजुर्ग या नैतिक व्यक्ति का इतना सम्मान होता था कि सिताबदियारा के 27 गांव भी उनकी अवहेलना करने का साहस नहीं जुटा पाते थे। रामायण, कीर्तन, भजन, सत्संग और साधु-संतों की सेवा में लोग जीवन की सार्थकता तलाशते थे, लेकिन आज शराब, ठेकेदारी और राजनीति ने जीवन के नए प्रतिमान गढ़ दिए हैं।

सबसे बड़ा बदलाव रिश्तों और सामाजिक सरोकारों में आया है। युवा पीढ़ी को इस परिवर्तन पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। सिताबदियारा के करीब 45 वर्ष पुराने दिनों को याद करते हुए उन्होंने बताया कि तब दो नदियों के बीच बसे इस इलाके में आवागमन बेहद कठिन था। सड़क, बिजली, अस्पताल और संचार जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव था।

चार-पांच महीने तक गांव पानी से घिरे रहते थे। सरयू नदी पार रिविलगंज और इस ओर बैरिया-रानीगंज ही बड़े शहर नजर आते थे। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र को जयप्रकाश नारायण के जन्मभूमि होने का गौरव मिला। पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर ने इसके विकास की नींव रखी, जबकि बिहार के हिस्से वाले गांवों की तस्वीर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रयासों से बदली। आज सड़क, बिजली, अस्पताल और विद्यालय जैसी सुविधाएं हैं, लेकिन अफसोस है कि 27 टोलों को एक सूत्र में बांधने वाली पुरानी सामाजिक आत्मीयता अब पहले जैसी नहीं रही।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।